February 23, 2026
National

एआई समिट में यूथ कांग्रेस का शर्टलेस प्रोटेस्ट शर्मनाक घटना: भाजपा सांसद मनन मिश्रा

Youth Congress’ shirtless protest at AI summit a shameful incident: BJP MP Manan Mishra

22 फरवरी । एआई इम्पैक्ट समिट को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के बयान का समर्थन करते हुए भाजपा के राज्यसभा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सिर्फ शर्टलेस होकर विरोध नहीं जताया, उन्होंने देश की छवि को धूमिल करने का काम किया।

भाजपा सांसद ने कहा कि पीएम मोदी को भी आज एआई समिट पर प्रतिक्रिया देनी पड़ी। भारत के लोग उस घटना से बहुत ज्यादा आक्रोशित हैं।

पीएम मोदी ने अपने बयान में कहा था कि समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं कि आपको कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी। कांग्रेस के नेताओं ने वहां जो कुछ किया, वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई है। कांग्रेस तो अपने देश को ही बदनाम करने में जुटी है।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि एआई समिट में कांग्रेस के प्रोटेस्ट से पूरा देश परेशान और दुखी है। यह घटना राहुल गांधी के कहने पर कुछ कांग्रेसियों द्वारा की गई बहुत शर्मनाक घटना है। इतने बड़े इंडिया एआई समिट में, जो विश्व स्तर का सबसे बड़ा समिट था, युवा खुश हैं, एक नई शक्ति का आभास हो रहा है, भारत विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है और विश्व गुरु बनेगा। पीएम मोदी देश की तरक्की के लिए इतने सारे अच्छे काम कर रहे हैं। वहां 20 देशों के प्रमुख मौजूद थे। लेकिन, कांग्रेस को यह पसंद नहीं आया। एक सोची समझी साजिश के तहत यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नंगा नाच किया; यह शर्मनाक घटना है।

भाजपा सांसद ने कहा कि प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सारी हदें पार कर दीं। हमारा कानून और संविधान उन्हें यह इजाज़त नहीं देता कि वे ऐसे मंच पर शर्टलेस प्रोटेस्ट करें, जहां देश को शर्मसार किया जाए। यह भाजपा की मीटिंग नहीं थी। यहां इंडिया एआई समिट विश्व स्तर पर हो रहा था; यह देश का कार्यक्रम था।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 100 विधायक लाओ और मुख्यमंत्री बन जाओ वाले बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव को सपना देखने से कोई नहीं रोक सकता। यूपी में एनडीए के अलावा किसी दूसरे दल का मुख्यमंत्री बनना एक सपना ही है और सपना ही रहेगा।

Leave feedback about this

  • Service