N1Live Entertainment जीनत अमान ने बताया ‘दम मारो दम’ का किस्सा, कहा- ‘आरडी. बर्मन की वजह से बदला डुएट का फैसला’
Entertainment

जीनत अमान ने बताया ‘दम मारो दम’ का किस्सा, कहा- ‘आरडी. बर्मन की वजह से बदला डुएट का फैसला’

Zeenat Aman reveals the story of 'Dum Maaro Dum', says, 'The decision to duet was changed because of R.D. Burman'

पुराने दौर के सितारे जब अपनी यादों का पिटारा खोलते हैं, तो दर्शकों को सिर्फ किस्से ही नहीं, बल्कि उस दौर की खूबसूरती भी देखने को मिलती है। खासकर जब बात 70 के दशक की हो, तो हर कहानी में एक अलग ही जादू छिपा होता है। इस कड़ी में बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने अपने मशहूर गाने ‘दम मारो दम’ को लेकर इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया और दिवगंत गायिका आशा भोसले को अपनी सफलता की शुरुआत करार दिया। साथ ही गाने से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया, जिसमें आरडी. बर्मन ने डुएट के फैसले को बदल दिया था।

जीनत अमान ने इंस्टाग्राम पर ‘दम मारो दम’ गाने की एक छोटी सी क्लिप साझा की। इस वीडियो में उनका पुराना अंदाज, बेफिक्र स्टाइल और शानदार एक्सप्रेशन नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनका किरदार जेनिस यानी जसबीर एक अलग ही दुनिया में खोई दिखाई देती है।इस वीडियो को साझा करते हुए जीनत अमान ने कैप्शन में लिखा, “काश मैं फिर से 19 साल की हो पाती, जब मैं नई-नई थी, कुछ नया करने की चाहत थी और अपने बड़े मौके के बिल्कुल करीब थी।”

उन्होंने मजाकिया अंदाज में आगे लिखा, “हे भगवान। क्या ये वर्षों का असर है। ‘दम मारो दम’ की शूटिंग की यादों को मेरे दिमाग में एक धुंधली, लेकिन खूबसूरत याद बना दिया है। मैंने इस गाने की शूटिंग की कहानी पहले भी साझा की है, इसलिए यह पोस्ट आशा भोसले जी की याद में है। जैसा कि मैंने अपनी पिछली पोस्ट में बताया था, उन्होंने मुझे मेरी सफलता का संगीत दिया, और इसकी शुरुआत इसी गाने से हुई।”

जीनत ने कैप्शन में एक दिलचस्प किस्सा भी बताया। उन्होंने कहा, “शुरुआत में ‘दम मारो दम’ को पहले एक डुएट के रूप में गाने की योजना थी, जिसे आशा जी की बड़ी बहन लता मंगेशकर और दमदार गायिका उषा उत्थुप गाने वाली थीं। लेकिन, आरडी. बर्मन के इस गाने को लेकर विचार कुछ और ही थे। उन्हें लगा कि इस गाने के लिए आशा जी की खास आवाज ही सही रहेगी।”

पोस्ट के आखिर में जीनत ने कहा, ”खैर, मैं इस गाने से जुड़ी अपनी पुरानी पोस्ट को अपनी स्टोरी में साझा कर रही हूं। फिलहाल आप इस क्लिप का आनंद लें। अगर आपके पास भी ‘दम मारो दम’ से जुड़ी कोई याद है, तो कमेंट में जरूर साझा करें। मुझे बेहद खुशी होती है, जब मैं आप सभी के अनुभव और मेरी फिल्मों से आपका जुड़ाव पढ़ती हूं। मुझे पूरा यकीन है कि आप में से सैकड़ों महिलाओं ने किसी न किसी बॉलीवुड थीम पार्टी में जेनिस/जसबीर की तरह जरूर तैयार होकर हिस्सा लिया होगा।”

‘दम मारो दम’ की बात करें, तो यह साल 1971 में आई फिल्म ‘हरे राम हरे कृष्णा’ का लोकप्रिय गाना है। इस फिल्म में देवानंद और जीनत अमान मुख्य भूमिका में थे। यह गाना खासतौर पर जीनत अमान पर फिल्माया गया था और यह उनके करियर के सबसे यादगार पलों में से एक बन गया। इस गाने को आशा भोसले ने अपनी आवाज दी, जबकि इसका संगीत आरडी. बर्मन ने तैयार किया और गीत आनंद बख्शी ने लिखे थे।

Exit mobile version