हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसान आज (14 फरवरी) चंडीगढ़ में केंद्र के साथ पांचवें दौर की वार्ता करेंगे। इसमें किसानों की ओर से 28 किसान नेता भाग लेंगे। उनका नेतृत्व संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) से जगजीत दल्लेवाल और किसान मजदूर मोर्चा से सरवन पंधेर करेंगे। किसान फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं।
81 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे दल्लेवाल सुबह 11 बजे खनौरी बॉर्डर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। केंद्र की ओर से केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी और पंजाब सरकार की ओर से मंत्री गुरमीत खुड्डियां इस बैठक में शामिल होंगे।
यह बैठक चंडीगढ़ के सेक्टर 26 स्थित मैगसीपा कार्यालय में शाम 5.30 बजे होगी। सरवन पंधेर ने चेतावनी दी कि अगर बैठक में कोई समाधान नहीं निकला तो किसान दिल्ली की ओर कूच करेंगे।
शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन 13 फरवरी को शुरू हुआ था। इसके बाद वे दिल्ली की ओर कूच करने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। वे तब से वहीं बैठे हैं। इसके बाद चंडीगढ़ में आंदोलनकारी किसानों और केंद्र सरकार के बीच चार बैठकें हुईं, लेकिन कोई निर्णय नहीं हुआ। तब केंद्र से तीन केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय इसमें शामिल हुए थे।
Leave feedback about this