June 17, 2026
Sports

न्यूजीलैंड ने किया 2026-27 के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान, कॉनवे-टिकनर की हुई वापसी

 

क्राइस्टचर्च, न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बुधवार को 2026-27 के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान किया। सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में इस बार कुल 20 खिलाड़ियों को जगह दी गई है। डेवोन कॉनवे और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर की वापसी हुई है।

कॉनवे और टिकनर को आदित्य अशोक और मुहम्मद अब्बास की जगह पर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह दी गई है। टिकनर को घरेलू क्रिकेट और नेशनल टीम की ओर से सभी फॉर्मेट में दमदार प्रदर्शन के चलते सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टिकनर और कॉनवे दोनों की वापसी देखकर अच्छा लगा।

“ब्लेयर ने पिछले कुछ वर्षों में बहुत मेहनत की है और अपने गेम में काफी सुधार किया है। वह एक बेहतरीन टीम मैन हैं और पिछले कुछ महीनों में टीम के लिए अलग-अलग रोल में नजर आए हैं। यह जरूरी है कि हम अपने गेंदबाजी अटैक में उस गहराई को बनाए रखें, क्योंकि अगले 12 महीने में हमें लाल गेंद से काफी क्रिकेट खेलनी है। इसी वजह से ब्लेयर को फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्ट देने से उस गहराई को बनाए रखने में मदद मिलेगी।”

उन्होंने आगे कहा, “डेवोन पिछले कुछ समय से तीनों फॉर्मेट में टीम के नियमति सदस्य रहे हैं, यहां तक ​​कि अनौपचारिक कॉन्ट्रैक्ट पर रहते हुए भी, इसलिए उनकी काबिलियत वाले खिलाड़ी का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में वापस आना बहुत अच्छा है।” न्यूजीलैंड की तरफ से 146 इंटरनेशनल मुकाबलों में कॉनवे सभी फॉर्मेट को मिलाकर 6 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं। कॉनवे की हालिया फॉर्म भी जबरदस्त रही है। यही वजह है कि उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह दी गई है।

वहीं, टिकनर ने पिछली 8 पारियों में से 5 मुकाबलों में 4 से उससे ज्यादा विकेट निकाले हैं। उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ हुए एकमात्र टेस्ट के दौरान किया। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने एक रिलीज में कहा, “टिकनर और कॉनवे के शामिल होने का मतलब है कि आदित्य अशोक और मुहम्मद अब्बास सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर हो गए हैं।” जैक फॉल्क्स और मिच हे ने पिछले साल पहली बार लिस्ट में शामिल होने और आखिरी 12 महीनों में तीनों फॉर्मेट में खेलने के बाद अपने कॉन्ट्रैक्ट बनाए रखे हैं।

न्यूजीलैंड मेंस सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट 2026-27: टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फाउल्केस, मिशेल हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, विल ओ’रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग।

 

Leave feedback about this

  • Service