August 13, 2026
Entertainment

स्वतंत्रता दिवस पर आ रहा है ‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की दिखेगी जंग

‘108 Base Hospital-Uri’ is arriving on Independence Day; witness the battle fought by doctors and medical staff.

भारतीय टेलीविजन पर देशभक्ति की कहानियों में अक्सर सैनिकों के रणकौशल और शौर्य को दिखाया जाता है। हालांकि, सरहद पर डटे फौजियों के पीछे एक और जीवनरक्षक दस्ता मुस्तैद रहता है। डॉक्टर, नर्स और चिकित्सा कर्मी हर पल मौत को मात देकर घायल जवानों की जान बचाते हैं। इसी अदृश्य संघर्ष और चिकित्सा योद्धाओं की गाथा को अब छोटे परदे पर उतारने की तैयारी है।

स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर कलर्स अपनी नई सीरीज ‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ लेकर आ रहा है। शो में उन डॉक्टरों और मेडिकल कर्मचारियों की जिंदगी दिखाई जाएगी, जो घायल जवानों को बचाने के लिए दिन-रात काम करते हैं।

एपिक कंपनी और ए-गेम एंटरटेनमेंट के सहयोग से तैयार की जा रही इस सीरीज की कहानी एक आर्मी हॉस्पिटल के इर्द-गिर्द घूमेगी। कहानी में यह दिखाने की कोशिश की जाएगी कि युद्ध सिर्फ सीमा पर नहीं लड़ा जाता। अस्पताल के अंदर भी जिंदगी बचाने की एक अलग लड़ाई चलती है, जहां हर सेकंड बेहद कीमती होता है।

‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ में एरिका फर्नांडिस, गशमीर महाजनी, निखिल खुराना, अयोशी तालुकदार, हितेन तेजवानी और स्मिता बंसल जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। एरिका फर्नांडिस शो में डॉ मेजर नैना का किरदार निभा रही हैं। गशमीर महाजनी डॉ मेजर अनिरुद्ध की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं निखिल खुराना मेजर समीर दीक्षित, अयोशी तालुकदार डॉ कैप्टन मिली बनर्जी, हितेन तेजवानी डॉ सीओएल सूर्यकांत ठाकुर और स्मिता बंसल लेफ्टिनेंट सीओएल प्रिंसिपल मैट्रन कविता झा के किरदार में नजर आएंगी।

अपने किरदार डॉ. मेजर नैना को लेकर एरिका फर्नांडिस काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ”जब मैंने पहली बार यह स्क्रिप्ट पढ़ी, तो मेरे मन में सबसे पहला ख्याल यही आया कि डॉ. मेजर नैना जैसा किरदार कितना सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। मेरा सच में मानना है कि जब भी हम पर्दे पर किसी मजबूत और पूरी तरह सशक्त महिला को देखते हैं, तो यह हम सभी के लिए एक बड़ी जीत होती है।”

उन्होंने आगे कहा, ”डॉ. मेजर नैना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह एक ही समय में एक सैनिक और डॉक्टर की जिम्मेदारी निभाती हैं। एक तरफ उनके कंधों पर सैनिक का फर्ज है, तो दूसरी तरफ डॉक्टर होने के नाते मरीजों की देखभाल और उन्हें ठीक करने की जिम्मेदारी भी है।”

वहीं गशमीर महाजनी ने डॉ. मेजर अनिरुद्ध के किरदार को अपने लिए बड़ी जिम्मेदारी बताया है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि शो का प्रीमियर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हो रहा है। गशमीर ने कहा, ”स्वतंत्रता दिवस पर इस शो का प्रीमियर होना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। ‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ मेरे लिए कर्तव्य, जिंदगी बचाने की जद्दोजहद और परिवार को लेकर सीखी गई भावनाओं को सामने रखने का जरिया है। डॉ. मेजर अनिरुद्ध का किरदार निभाना मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।”

गशमीर ने अपने किरदार की भूमिका को समझाते हुए कहा, ”अनिरुद्ध का रोज का काम उन बहादुर सैनिकों की जान बचाना है, जो देश के लिए अपनी जिंदगी तक कुर्बान करने को तैयार रहते हैं। इन सैनिकों के साथ काम करने वाले मेडिकल स्टाफ को भी अपनी तरह की बहादुरी दिखानी पड़ती है। इन अनसुने योद्धाओं की कहानी को अभिनय के जरिए दर्शकों तक पहुंचाना मेरे लिए गर्व की बात है।”

गशमीर ने आगे कहा, ”शो में बहादुरी को सिर्फ किसी बड़े कारनामे या वीरता के प्रदर्शन के रूप में नहीं दिखाया गया है। यहां साहस का मतलब उन लोगों की देखभाल करना है, जो अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल और कमजोर दौर से गुजर रहे हैं। घायल सैनिक को संभालना, उसका इलाज करना और उसे जिंदगी की ओर वापस लाने की कोशिश करना भी अपने आप में एक बड़ी बहादुरी है।”

‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ का प्रीमियर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होगा। यह शो शनिवार और रविवार रात 8 बजे कलर्स पर प्रसारित किया जाएगा और जियो हॉटस्टार पर भी देखा जा सकेगा।

Leave feedback about this

  • Service