N1Live National सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 साल: गुजरात सीएम बोले- ‘इस निरंतर यात्रा के साक्षी बनना गर्व की बात’
National

सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 साल: गुजरात सीएम बोले- ‘इस निरंतर यात्रा के साक्षी बनना गर्व की बात’

12 years of service, good governance and welfare of the poor: Gujarat CM says, 'It is a matter of pride to witness this continuous journey'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब-कल्याण के 12 साल पूरे होने पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि अटूट सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की निरंतर यात्रा के साक्षी बनना हम सभी के लिए गर्व की बात है।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के 12 साल पूरे कर लिए हैं। अटूट सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण की निरंतर यात्रा के इन बारह वर्षों का साक्षी बनना हम सभी के लिए गर्व की बात है। पीएम मोदी ने 2014 से देश को एक नई दिशा दी है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ करोड़ों भारतीयों का जीवन बदलने वाले प्रधानमंत्री का नेतृत्व आज देश को ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर आगे ले जा रहा है।”

उन्होंने कहा, “पीएम नरेंद्र का गुजरात के साथ विशेष लगाव और जुड़ाव रहा है। एक सामान्य कार्यकर्ता से लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री और आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में, उनके निरंतर मार्गदर्शन और आशीर्वाद से गुजरात ने दुनिया के सामने विकास का एक अनूठा मॉडल पेश किया है। सरदार सरोवर बांध के सपने को साकार करने से लेकर गुजरात को बुलेट ट्रेन, गिफ्ट सिटी, सेमीकंडक्टर हब और धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र जैसी वैश्विक पहचान दिलाने तक – गुजरात का हर कोना उनके विजन से हर कदम पर नई ऊर्जा के साथ निखरा है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री जन-धन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने गरीबों और वंचितों के जीवन में जो गुणात्मक बदलाव लाए हैं, वे उनकी जन-केंद्रित सोच का एक बेहतरीन उदाहरण हैं। ‘विकास भी और विरासत भी’ के अपने मंत्र को साकार करते हुए सोमनाथ और अंबाजी मंदिर, वडनगर संग्रहालय और लोथल हेरिटेज कॉम्प्लेक्स सहित तीर्थ स्थलों के विकास कार्य हमारी संस्कृति के प्रति उनके सम्मान और आदर को दर्शाते हैं।”

सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा, “पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत ने दुनिया भर में अपनी एक अनूठी पहचान बनाई है। वैश्विक मंच पर, खेल से लेकर अंतरिक्ष तक के क्षेत्रों में अपने विकास के माध्यम से भारत ने यह दिखाया है कि हमारा देश मौजूदा दौर में विकसित देशों की कतार में सबसे आगे रहने के लिए तैयार है। उनकी अथक मेहनत और देश के प्रति समर्पण हमेशा हम सभी के लिए प्रेरणा रहे हैं। सुशासन के इन ऐतिहासिक 12 वर्षों के लिए मैं गुजरात की जनता की ओर से पीएम मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि आइए, हम सब मिलकर ‘विकसित भारत’ के उनके विजन को पूरा करने और एक ‘विकसित गुजरात’ का निर्माण करके देश की प्रगति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लें।

Exit mobile version