N1Live Entertainment गायक कैलाश खेर के नाम पर 3.25 लाख की ठगी, मामला दर्ज
Entertainment

गायक कैलाश खेर के नाम पर 3.25 लाख की ठगी, मामला दर्ज

3.25 lakh fraud in the name of singer Kailash Kher, case registered

10 अप्रैल । प्रसिद्ध हस्तियों के नाम का गलत इस्तेमाल कर ठग आम लोगों को आसानी से अपना शिकार बना लेते हैं। विशेषकर संगीत और फिल्म क्षेत्र से जुड़े युवा कलाकारों को ऐसे झांसे का खतरा ज्यादा रहता है। हाल ही में एक मामला सामने आया है कि गायक कैलाश खेर के नाम का इस्तेमाल कर एक गीतकार से 3.25 लाख रुपए की ठगी की गई है। मुंबई की पार्क साइट पुलिस ने इस मामले में 35 वर्षीय प्रेमल प्रफुल मेहता नामक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।

पीड़ित चैतन्य गोविंद कन्हैया (38) उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं और वर्तमान में मुंबई के ओशिवारा इलाके में रहते हैं। वे एक गीतकार और संगीतकार हैं। दिसंबर 2025 में एक परिचित के जरिए उनकी मुलाकात आरोपी प्रेमल मेहता से हुई। मेहता ने कन्हैया को विश्वास दिलाया कि वह कैलाश खेर से उनका गाना रिकॉर्ड करवा सकता है। आरोपी ने कन्हैया की ऑनलाइन बातचीत कैलाश खेर से करवाई, जिसमें गायक ने आगे की प्रक्रिया के लिए अपने मैनेजर से संपर्क करने की बात कही। इससे पीड़ित का भरोसा और बढ़ गया। बाद में मेहता ने घाटकोपर के आर-सिटी मॉल में कन्हैया से मुलाकात की और रिकॉर्डिंग व कॉन्ट्रैक्ट फाइनल कराने के नाम पर एडवांस पैसे मांगे। विश्वास में आकर कन्हैया ने अपने बैंक खाते से 3.25 लाख रुपए आरोपी द्वारा बताए गए नीता साराइकर नामक महिला के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

पैसे मिलते ही मेहता ने पीड़ित से संपर्क बंद कर लिया। जब कन्हैया ने दबाव बनाया तो आरोपी ने 5 जनवरी को एक चेक दिया, जो बाद में बाउंस हो गया। जब पीड़ित ने सीधे कैलाश खेर के मैनेजर से संपर्क किया तो पूरा मामला सामने आया कि कैलाश खेर से कोई बातचीत नहीं हुई थी और यह पूरी तरह ठगी का मामला था।

इसके बाद चैतन्य कन्हैया ने मुंबई के पार्क साइट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रेमल प्रफुल मेहता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी बड़े नाम का इस्तेमाल कर पैसे मांगने वाले व्यक्ति पर बिना जांच के भरोसा न करें और पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी पुष्टि कर लें।

Exit mobile version