N1Live Entertainment रणवीर सिंह ने खान साब संग ‘धुरंधर 2’ का गाना किया रीक्रिएट, जैजी बी-युवराज हंस ने की तारीफ
Entertainment

रणवीर सिंह ने खान साब संग ‘धुरंधर 2’ का गाना किया रीक्रिएट, जैजी बी-युवराज हंस ने की तारीफ

Ranveer Singh recreates 'Dhurandhar 2' song with Khan Saab, Jazzy B and Yuvraj Hans praise him

10 अप्रैल । बॉलीवुड के एनर्जेटिक और स्टाइलिश स्टार रणवीर सिंह ने अपनी हालिया रिलीज ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता के बीच एक पुराने गाने को नए अंदाज में पेश कर फैंस को सरप्राइज दिया। इस खास मौके पर उनके साथ पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर खान साब भी नजर आए।

दरअसल, रणवीर सिंह और खान साब ने मिलकर ‘आरी आरी आरी’ गाने का एक नया वर्जन तैयार किया, जिसे मूल रूप से साल 2003 में इंडो-डेनिश म्यूजिक ग्रुप बॉम्बे रॉकर्स ने बनाया था। इस गाने को फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म में नए अंदाज में पेश किया गया है। खास बात यह है कि इस गाने में पुराने म्यूजिक का फ्लेवर बरकरार रखते हुए उसमें नया एनर्जी और स्टाइल जोड़ा गया है, जो दर्शकों को काफी पसंद आया।

खान साब, जिनका असली नाम इमरान खान है, पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान रखते हैं। उन्होंने ‘जिंदगी तेरे नाल’, ‘जी करदा’, ‘रिम झिम’, ‘सजना’ और ‘नाराजगी’ जैसे कई हिट गाने दिए हैं। इस बीच उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह रणवीर सिंह के साथ इस गाने को गाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों की केमिस्ट्री और मस्ती साफ दिखाई दे रही है।

इस वीडियो पर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई बड़े नामों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। मशहूर सिंगर जैजी बी ने हार्ट इमोजी के जरिए अपनी खुशी जाहिर की, जबकि युवराज हंस ने ‘जे बात’ लिखकर इस कोलैबोरेशन की तारीफ की। सोशल मीडिया पर भी फैंस इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं।

अगर फिल्म ‘धुरंधर’ की बात करें, तो इसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की। फिल्म की कहानी 1999 के कंधार हाईजैक जैसे घटनाक्रम से प्रेरित है, जहां देश की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा संकट खड़ा होता है। इसमें आईबी चीफ अजय सान्याल (आर. माधवन) दुश्मनों को करारा जवाब देना चाहते हैं, लेकिन कई सरकारी बाधाओं के कारण वह सीधे कदम नहीं उठा पाते। इसके बाद ‘ऑपरेशन धुरंधर’ की शुरुआत होती है, जिसके तहत हमजा (रणवीर सिंह) नाम का एक अंडरकवर एजेंट दुश्मन देश में घुसकर आतंक और अपराध के नेटवर्क को खत्म करने का मिशन लेकर जाता है। फिल्म में गैंगवार, राजनीति और आतंकवाद के जाल को बेहद रोचक तरीके से दिखाया गया है।

वहीं इसकी सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ कहानी को आगे बढ़ाती है। इस बार कहानी हमजा अली मजारी के बदले और उसके मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है। पहले पार्ट के बाद अब वह दुश्मनों के बीच अपनी जगह बना चुका है और भारत के खिलाफ साजिश रचने वालों को खत्म करने के इरादे से आगे बढ़ता है। फिल्म में पाकिस्तान के ल्‍यारी क्षेत्र की गैंगवार, सत्ता की लड़ाई और अंतरराष्ट्रीय साजिशों को दिखाया गया है। इसके साथ ही कहानी में नोटबंदी और राजनीतिक घटनाओं के संदर्भ भी जोड़े गए हैं।

Exit mobile version