February 1, 2025
Haryana

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अनिल विज के बयान को लेकर हरियाणा सरकार पर कसा तंज

Bhupendra Singh Hooda took a jibe at Haryana government regarding Anil Vij’s statement.

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य के कैबिनेट मंत्री अनिल विज द्वारा अपनी ही सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई बयानबाजी को लेकर सैनी सरकार पर तंज कसा है।

दरअसल, अनिल विज ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था, “जब से नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान हुए हैं, तब से वह लगातार ‘उड़न खटोले’ में उड़ रहे हैं। यह सिर्फ मेरी राय नहीं है, यह सभी विधायकों और मंत्रियों की भावना है।”

इसे लेकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अनिल विज पर तंज कसा है। उन्होंने इसे हरियाणा सरकार की “100 दिन की उपलब्धि” करार देते हुए चुटकी ली।

हुड्डा ने यमुना नदी के प्रदूषण पर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कई जिलों का इंडस्ट्रियल वेस्ट यमुना में जा रहा है। दिल्ली में भी इस मामले में हरियाणा से कहीं अधिक प्रदूषण हो रहा है। फरीदाबाद में यमुना की हालत तो बेहद बदतर हो चुकी है।

हुड्डा ने जोर देते हुए कहा कि यमुना नदी की सफाई बहुत जरूरी है।

हुड्डा अपने पिता चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा की पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए रोहतक के आईएमटी चौक पर पहुंचे थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान बदलने की बात पर भी सवाल उठाए और इसे संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया।

इससे पहले उन्होंने 12 जनवरी को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के संदर्भ में कहा था कि जो खुद एक्सीडेंटल चीफ मिनिस्टर बने हों, उन्हें ऐसा कहना शोभा नहीं देता।

उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को जितना सम्मान दिया है, वह किसी पार्टी ने नहीं दिया। कांग्रेस पार्टी ने ही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को संविधान सभा का चेयरमैन बनाया था।

दरअसल, मनोहर लाल ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर कहकर नए विवाद को जन्म दे दिया था। इसे लेकर सियासत तेज हो गई थी।

Leave feedback about this

  • Service