July 6, 2025
Punjab

स्वास्थ्य मंत्री ने मोगा का दौरा किया, अभिनेत्री तानिया के पिता के लिए सख्त कार्रवाई और सर्वोत्तम उपचार का आश्वासन दिया

मोगा, 6 जुलाई, 2025: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार राज्य में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। हाल ही में मोगा में प्रसिद्ध अभिनेत्री तानिया के पिता डॉ. अनिल कंबोज पर हुए जानलेवा हमले की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और पंजाब सरकार इसके दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेगी, चाहे वे दुनिया के किसी भी कोने में छिपे हों।

कैबिनेट मंत्री ने आज मोगा के सुपर मेडिसिटी एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का दौरा कर अभिनेत्री तानिया के पिता डॉ. अनिल कंबोज का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि फर्जी मरीज बनकर डॉक्टर को गोली मारना मानवता के खिलाफ है। डॉ. अनिल कंबोज की जान बचाने के लिए उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया करवाया जा रहा है और पंजाब सरकार उनके इलाज के लिए हर संभव मदद कर रही है। इस मौके पर उन्होंने डीएमसीएच के प्रमुख एवं कार्डियोलॉजी के प्रसिद्ध प्रोफेसर डॉ. बिशव मोहन से डॉ. अनिल कंबोज के स्वास्थ्य के बारे में ऑनलाइन चिकित्सकीय सलाह ली। उन्होंने कहा कि डीएमसी से विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम भी जल्द ही यहां पहुंचेगी। पूरी लीडरशिप की दुआएं भी उनके साथ हैं और ईश्वर की कृपा से वह जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी उनके स्वास्थ्य के बारे में रोजाना अपडेट ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह जघन्य कृत्य किया है, उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी। पंजाब सरकार डॉक्टर और उनके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने डॉ. अनिल काम्बोज के परिवार के सदस्यों से बात की और उन्हें दुख की इस घड़ी में साहस से काम लेने को कहा।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए बहुत प्रयास कर रही है और अस्पतालों की नजदीकी पुलिस थानों के साथ मैपिंग की गई है। मेडिकल स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस संबंध में जिला स्तरीय कमेटियों का भी गठन किया गया है।
इस अवसर पर विधायक मोगा डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, विधायक धर्मकोट डॉ. दविंदरजीत सिंह लाडी ढोस, डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जी) चारुमिता, एसएसपी मोगा अजय गांधी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave feedback about this

  • Service