October 19, 2026
National

राजस्थान के पाली में फैक्ट्री में भीषण आग, तीन मजदूर गंभीर झुलसे, दो लापता

पाली के औद्योगिक क्षेत्र चतुर्थ फेज में ग्वार गांव स्थित एक फैक्ट्री में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से तीन श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया गया। वहीं, फैक्ट्री में काम कर रहे दो अन्य श्रमिकों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री में कुल 17 श्रमिक काम कर रहे थे। देर रात अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग और धुएं के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।

आग की भयावहता को देखते हुए पाली के साथ सुमेरपुर, रानी, फालना और सोजत से भी दमकल गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फैक्ट्री में आग बुझाने के लिए जेसीबी की मदद से दीवार तोड़ी गई, जिसके बाद दमकलकर्मियों ने अंदर तक पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। तड़के जाकर आग पर काबू पाया जा सका।

हादसे के बाद फैक्ट्री में काम करने वाले दो श्रमिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। उनके मोबाइल फोन पर रिंग जा रही है, लेकिन फोन रिसीव नहीं हो रहा है। ऐसे में दोनों के साथियों और परिजनों में चिंता बनी हुई है। प्रशासन और बचाव दल दोनों श्रमिकों की तलाश में जुटे हैं। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना की सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस, सीओ सिटी मंगलेश चुण्डावत सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। दमकलकर्मियों तथा पुलिस की टीम ने मिलकर आग पर काबू पाने और संभावित रूप से अंदर फंसे श्रमिकों की तलाश के प्रयास किए।

फैक्ट्री में आग किस कारण लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल सबसे बड़ी चिंता लापता दोनों श्रमिकों का पता लगाने की है। हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Leave feedback about this

  • Service