March 3, 2026
National

बैतूल में खड़ी क्रेन में पीछे से टकराई कार, तीन की मौत, दो घायल

Three killed, two injured as car rams into parked crane in Betul

3 मार्च । मध्य प्रदेश के बैतूल में सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बैतूल में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी क्रेन में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। हादसा इटारसी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। घटना सोमवार देर रात 3 बजे की बताई जा रही है, जब सड़क पर यातायात काफी कम था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। हादसे में तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

मृतकोंके शवों को जिला अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायलों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने देर रात भारी वाहनों के सड़क किनारे खड़े रहने पर चिंता जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन चालक की लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Leave feedback about this

  • Service