April 3, 2026
Entertainment

रणदीप हुड्डा की मां का सिनेमा में डेब्यू, हरियाणवी फिल्म से रखा पहला कदम

Randeep Hooda’s mother makes her cinematic debut with a Haryanvi film.

3 अप्रैल । बॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक, रणदीप हुड्डा अपनी फिल्मों से फैंस का दिल जीतते आए हैं, लेकिन अब सिर्फ अभिनेता ही नहीं बल्कि उनकी मां भी सिनेमा में कदम रख चुकी हैं।

रणदीप हुड्डा की मां, आशा हुड्डा, ने क्षेत्रीय सिनेमा में कदम रख दिया है, और इस बात से खुश अभिनेता ने मस्ती भरे अंदाज में मां को बधाई दी है।

रणदीप हुड्डा की मां आशा हुड्डा ने हरियाणवी फिल्म सांगी में दादी का रोल प्ले किया है। अभिनेता ने मां की फोटो शेयर कर लिखा, “जब मां के रोल का टेम था, तब ना मिल्या, अब सीधा दादी का… आज आपको पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हूं मां, पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई।”

हरियाणवी फिल्म ‘सांगी’ गुरुवार को हरियाणवी ओटीटी ऐप ‘स्टेज’ पर रिलीज हो गई है। एक दिन पहले फिल्म का शानदार ट्रेलर भी लॉन्च किया गया।

फिल्म की कहानी ऐसे कलाकार की है, जिसे डांस पसंद है और वो गांव में महिला बनकर डांस करता है। इस कला को हरियाणा में सांगी कहते हैं, जो आमतौर पर किन्नर करते हैं। कुलदीप नाम का लड़का सांगी बनकर पहचान बनाना चाहता है। इस दौरान उसे न सिर्फ अपने परिवार से बल्कि गांव वालों से भी मुकाबला करना है। कहानी एक कला को पहचान देने की मेहनत दिखाती है।

गौर करने वाली बात यह भी है कि बीते कुछ महीनों पहले ही रणदीप को स्टेज ऐप का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। तब से लेकर अभिनेता क्षेत्रीय हरियाणवी फिल्मों का खुलकर सपोर्ट कर रहे हैं और कुछ फिल्मों में निवेश भी कर रहे हैं।

इससे पहले अभिनेता की बहन अंजलि हुड्डा ने भी हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था। उन्होंने अपने भाई की फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ में एक छोटा सा रोल किया था। इसी फिल्म में अंजलि ने रणदीप के किरदार के लिए वजन घटाने से लेकर बढ़ाने में मदद की थी। अभिनेता ने वीर सावरकर का जेल वाले हालातों के दिखाने के लिए 28 दिनों में 18 किलो वजन कम किया था और वे उस वक्त सिर्फ 1 समय ही खाना खाते थे।

Leave feedback about this

  • Service