April 13, 2026
National

दिल्ली के मयूर विहार में चाकूबाजी की घटना, चार नाबालिगों ने युवक पर किया हमला

A stabbing incident took place in Delhi’s Mayur Vihar; four minors attacked a youth.

13 अप्रैल । दिल्ली के ईस्ट जिले के मयूर विहार थाना क्षेत्र में एक चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जहां कुछ युवकों के बीच झगड़े ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 12 अप्रैल की रात 8:30 बजे वायरलेस रोड के पास हुई, जहां घायल युवक अपने एक दोस्त के साथ उस इलाके में मौजूद था। इसी दौरान चार किशोर (जुवेनाइल) वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू से युवक पर हमला कर दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस को लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल से एक एमएलसी (मेडिको लीगल केस) के रूप में जानकारी मिली कि एक घायल युवक को इलाज के लिए लाया गया है। पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां पाया गया कि युवक को चाकू के गंभीर घाव लगे हैं। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही मयूर विहार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके साथ ही क्राइम टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सबूत जुटाने की कोशिश की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस वारदात में शामिल सभी आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी चारों किशोरों को पकड़ लिया है।

फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झगड़े की असली वजह क्या थी और क्या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य कारण जुड़ा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

Leave feedback about this

  • Service