April 14, 2026
National

नितिन गडकरी ने किया दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर बने ‘रेस्ट-होल्ड एरिया’ का निरीक्षण, उद्घाटन से पहले लोगों में उत्साह

Nitin Gadkari inspected the ‘rest-hold area’ built on the Delhi-Dehradun corridor, people were excited before the inauguration.

14 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-देहरादून मार्ग पर पहले ‘रेस्ट-होल्ड एरिया’ (विश्राम स्थल) का निरीक्षण किया। इस दौरे के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

शामली के अनिल पुंढीर ने आईएएनएस को बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ‘रेस्ट-होल्ड एरिया’ (विश्राम स्थल) का दौरा किया। वे कुछ देर यहां रुके और लोगों से बातचीत की। आर्थिक गलियारे को लेकर उन्होंने कहा कि इससे अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। दिल्ली से देहरादून के बीच का समय भी बचेगा।

इस आर्थिक गलियारे के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह है और उन्होंने सरकार की प्रशंसा की। आईएएनएस से बात करते हुए एक व्यक्ति ने कहा, “इससे हमारे क्षेत्र को बहुत फायदा होगा। यह खुशी की बात है कि अब दिल्ली से देहरादून कुछ घंटों में ही पहुंच सकेंगे।”

उन्होंने कहा कि इस आर्थिक गलियारे से दिल्ली और देहरादून के बीच सफर आसान होगा। आसपास के कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलेगा। सभी लोग इस आर्थिक गलियारे के उद्घाटन को लेकर खुश हैं।

सतीश चौहान ने कहा कि इस मार्ग से स्थानीय लोगों के लिए दिल्ली और देहरादून दोनों अब ज्यादा दूर नहीं रहे हैं। वे बहुत आसान सफर करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि अभी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ‘रेस्ट-होल्ड एरिया’ (विश्राम स्थल) के पास उपस्थित लोगों से मुलाकात की। उनसे मिलकर हम सभी को बहुत अच्छा लगा।

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी सुबह लगभग 11.15 बजे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के ऊंचे खंड पर बने वन्यजीव गलियारे की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह लगभग 11:40 बजे देहरादून के पास स्थित जय मां डाट काली मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे।

इसके बाद, प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 12:30 बजे देहरादून में एक सार्वजनिक समारोह में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। आर्थिक गलियारे से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय 6 घंटे से घटकर लगभग 2.5 घंटे रह जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service