April 18, 2026
Entertainment

‘जन नायकन’ लीक मामला : तमिलनाडु साइबर क्राइम पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

‘Jana Nayakan’ leak case: Tamil Nadu cyber crime police arrest the main accused

18 अप्रैल । तमिलनाडु पुलिस की स्टेट साइबर क्राइम विंग ने एक्टर विजय की मोस्टअवेटेड फिल्म ‘जन नायकन’ के इंटरनेट पर लीक होने के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मामले में पुलिस पहले ही छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुल नौ लोग इस मामले में पकड़े जा चुके हैं।

स्टेट साइबर क्राइम विंग ने एक बयान में कहा कि इन तीनों आरोपियों को विस्तृत तकनीकी जांच और डिजिटल सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। ये लोग फिल्म की पाइरेटेड कॉपियां बनाने और उन्हें ऑनलाइन शेयर में शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी एक दूसरी फिल्म के लिए फ्रीलांस असिस्टेंट एडिटर के रूप में काम कर रहा था। उसने एडिटिंग स्टूडियो में बिना अनुमति ‘जन नायकन’ फिल्म की रील्स तक पहुंच बनाई और उन्हें चुरा लिया। चुराए गए डेटा को बाद में फिल्म का रूप देकर अन्य आरोपियों के साथ शेयर किया गया, जिसके कारण पाइरेटेड कॉपियां इंटरनेट पर बड़े पैमाने पर फैल गईं।

गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तमिलनाडु साइबर क्राइम विंग ने आम जनता को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पाइरेटेड कंटेंट को डाउनलोड करना, स्ट्रीम करना या शेयर करना गंभीर अपराध है।

पुलिस ने कहा, “डिजिटल पाइरेसी में किसी भी तरह की संलिप्तता के गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं।” पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कोई पाइरेटेड लिंक या संदिग्ध कंटेंट दिखे तो तुरंत साइबर क्राइम विंग को रिपोर्ट करें।

डायरेक्टर एच. विनोद के निर्देशन में बनी फिल्म ‘जन नायकन’ में सुपरस्टार थलापति विजय और पूजा हेगड़े लीड रोल में हैं। फिल्म के लीक होने की घटना से पूरे इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में नाराजगी देखने को मिली। कमल हासन, चिरंजीवी, विग्नेश शिवन, विजय देवरकोंडा, पूजा हेगड़े समेत कई फिल्मी हस्तियों ने इसकी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

Leave feedback about this

  • Service