April 30, 2026
Sports

आईपीएल 2026: एमआई पर भारी पड़ी हेड-क्लासेन की बल्लेबाजी, एसआरएच की 6 विकेट से जीत

IPL 2026: Head-Klaasen’s batting overshadows MI, SRH win by 6 wickets

 

मुंबई, विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 41वें मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। 9 में से 6 मैच जीतकर एसआरएच प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि एमआई 8 में से 6 मैच गंवाकर 9वें स्थान पर है।

 

 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस (एमआई) ने 5 विकेट खोकर 243 रन बनाए। इस टीम को विल जैक्स और रयान रिकेल्टन की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 43 गेंदों में 93 रन की साझेदारी की।

 

जैक्स 22 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद सूर्यकुमार यादव (5) का विकेट भी गिर गया। टीम ने 110 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खो दिया था। यहां से रिकेल्टन ने नमन धीर (22) के साथ 55 रन, जबकि कप्तान हार्दिक पंड्या (31) के साथ 56 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

 

रिकेल्टन 55 गेंदों में 8 छक्कों और 10 चौकों के साथ 123 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से प्रफुल हिंगे ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए। हार्दिक पांड्या, साकिब हुसैन और ईशान मलिंगा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

 

इसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 8.4 ओवरों में 129 रन जोड़े। अभिषेक 24 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ट्रेविस हेड 30 गेंदों में 8 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए।

 

इस टीम ने 133 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खो दिया था, जिसके बाद हेनरिक क्लासेन ने नीतीश रेड्डी के साथ चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों में 80 रन जुटाकर टीम को 213 के स्कोर तक पहुंचाया। नीतीश 21 रन बनाकर आउट हुए।

 

यहां से क्लासेन ने सलिल अरोड़ा के साथ 14 गेंदों में 36 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को बड़ी जीत दिलाई। क्लासेन 30 गेंदों में 4 छक्कों और 7 चौकों के साथ 65 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि सलिल ने 10 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 30 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से गजनफर ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए। ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या ने 1-1 विकेट निकाला।

Leave feedback about this

  • Service