राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता स्वानंद किरकिरे जल्द ही सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में नजर आएंगे। उनका कहना है कि आज के दौर में हर कोई अपनी पसंद और सुविधा के हिसाब से अकेले फिल्में और वेब सीरीज देखना पसंद करता है। ऐसे में जब पूरे परिवार के साथ सिनेमाघर जाकर फिल्म देखने का मौका मिलेगा, तो ये अनुभव और भी खास हो जाएगा।
स्वानंद ने परिवार के साथ फिल्में देखने के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वह ऐसे दौर में बड़े हुए हैं, जब फिल्म देखना पूरे परिवार का अनुभव हुआ करता था। उनके लिए इस परंपरा से जुड़ना बेहद खास है।
उन्होंने कहा, ”मैं ऐसे दौर में बड़ा हुआ हूं, जब फिल्म देखना पूरे परिवार का अनुभव हुआ करता था। आप सब साथ में सिनेमाघर जाते थे, एक साथ कहानी का आनंद लेते थे और उन भावनाओं को अपने साथ घर लेकर आते थे। ऐसी परंपरा का हिस्सा बनना, जो इस एहसास को खास मानती है, मेरे लिए बहुत मायने रखता है।”
उन्होंने कहा, ”सूरज बड़जात्या की फिल्मों की खासियत भी यही रही है कि उनकी कहानियां परिवार, रिश्तों और भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती हैं। उनकी फिल्मों में दर्शकों को अपने परिवार और निजी जिंदगी की झलक देखने को मिलती है। यही वजह है कि उनकी फिल्में हर उम्र के दर्शकों से जुड़ाव बना पाती हैं।”
‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर स्वानंद ने कहा कि वह चाहते हैं कि यह फिल्म परिवारों को एक बार फिर साथ में सिनेमाघर आने की वजह दे। उन्होंने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म परिवारों को थिएटर में एक साथ आने का मौका देगी। अपने पसंदीदा लोगों के साथ बड़े पर्दे पर हंसी, भावनाएं और खूबसूरत पल साझा करने में कुछ अलग ही बात है। यही सामूहिक अनुभव सिनेमा को खास बनाता है।”
‘ये प्रेम मोल लिया’ एक रोमांटिक फैमिली ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन सूरज बड़जात्या कर रहे हैं। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, शाद रंधावा और स्वानंद किरकिरे भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर किया है। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


Leave feedback about this