May 8, 2026
Entertainment

‘होमबाउंड’ के बाद अब हंसाएंगे ईशान खट्टर, पहली कॉमेडी फिल्म ‘जुगाड़ू’ की जानकारी दी

After ‘Homebound’, Ishaan Khattar will now entertain with laughter, details revealed about his first comedy film ‘Jugaadu’.

8 मई । अभिनेता ईशान खट्टर फिल्म ‘होमबाउंड’ की वैश्विक सफलता के बाद पहली कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘जुगाड़ू’ में नजर आएंगे। बुधवार को अभिनेता ने आगामी फिल्म से जुड़ा बड़ा अपडेट दिया।

ईशान ने इंस्टाग्राम पर क्लैपरबोर्ड के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए शूटिंग पर अपडेट दिया।

उन्होंने तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “देवियों और सज्जनों, तैयार हो जाइए जुगाड़ू के लिए! मेरी पहली फिल्म, जिसमें मैं पहली बार कॉमेडी करता नजर आऊंगा। एक शानदार और जुनूनी टीम के साथ मिलकर हम आपके लिए एक धमाकेदार एंटरटेनर लेकर आ रहे हैं, जो जल्द ही सिनेमाघरों में आएगा।”

अभिनेता की इस पोस्ट को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। इसी के साथ ही, मनोरंजन जगत के कई सितारों ने कमेंट सेक्शन में ईशान को बधाई दी।

निर्देशक जोया अख्तर ने “बधाई हो” लिखा, तो विशाल जेठवा ने लिखा, “बधाई हो, आपके इस प्रोजेक्ट के लिए मैं काफी उत्साहित हूं। अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा ने हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी, तो मोहित मलिक ने भी कमेंट करके बधाई दी।

फिल्म का निर्देशन पलाश वासवानी कर रहे हैं, जिन्हें शानदार प्रोजेक्ट ‘गुल्लक’ और ‘बड़ा नाम करेंगे’ के लिए जाना जाता है। इस ड्रामा फिल्म का मुहूर्त समारोह इस साल 30 अप्रैल को मुंबई में हुआ था। फिल्म का मुख्य शेड्यूल इस महीने के आखिर में पंजाब में शुरू होने की उम्मीद है।

‘जुगाड़ू’ में ईशान खट्टर के साथ पंजाबी अभिनेत्री तानिया मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। ‘जुगाड़ू’ के साथ तानिया बॉलीवुड में डेब्यू करेंगी। इसके अलावा, फिल्म की बाकी कास्ट भी काफी शानदार है। इसमें अभिषेक बनर्जी, जमील खान, वैभव राज गुप्ता, यामिनी दास, सुखविंदर चहल और निर्मल ऋषि भी अहम किरदारों में शामिल हैं।

टिप्स फिल्म्स और बावेजा स्टूडियो के बैनर तले रमेश तौरानी, ​​पम्मी बावेजा, हरमन बावेजा और जया तौरानी द्वारा संयुक्त रूप से प्रोड्यूस की गई इस फिल्म की सिनेमैटोग्राफी रंगराजन रामभद्रन संभाल रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service