October 17, 2026
National

दीपावली के पीक सीजन में विरोध-प्रदर्शनों से कारोबार प्रभावित, व्यापारी बोले-कनॉट प्लेस प्रदर्शन मुक्त हो

दीपावली के पीक सीजन में लगातार हो रहे विरोध-प्रदर्शनों को लेकर व्यापारी वर्ग ने शुक्रवार को नाराजगी जताते हुए कहा कि इन्हें व्यापारिक केंद्रों से दूर करना चाहिए, क्योंकि इससे कारोबार पर बुरा असर हो रहा है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कनॉट प्लेस में प्रिटिंग का कारोबार करने वाले मुकेश चावला ने कहा कि जब से विरोध-प्रदर्शनों शुरू हुए पूरा कारोबार प्रभावित है, क्योंकि इनके कारण रास्ते बंद हैं और आम जनता की आवाजाही कम हो गई है। साथ ही, उन्होंने सरकार से मांग की कनॉट प्लेट को प्रदर्शन से मुक्त किया जाना चाहिए।

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष राहुल अडलाखा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि किसी भी विरोध प्रदर्शन के दौरान पूरा व्यापार ठप हो जाता है। इसे लेकर हमारे व्यापारी संगठन ने गृह मंत्री को चिट्ठी लिखी है।

उन्होंने आगे बताया कि जब भी किसी विरोध प्रदर्शन का आयोजन होता है तो उससे दो से तीन पहले ही व्यापार ठप हो जाता है। इस समय दीपावली का पीक सीजन चल रहा है और सबसे ज्यादा बिक्री होती है। इस कारण हमने चिट्ठी में सरकार से मांग की है कि अगले तीन महीनों तक दिल्ली में प्रदर्शनों की अनुमति नहीं दी जाए।

नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा कि नवरात्रि से लेकर होली तक का सीजन हमारे लिए बहुत जरूरी होता है। इसके लिए हमने माल खरीद कर रख लिया है। ऐसे में बार-बार विरोध-प्रदर्शन करने से कामकाज प्रभावित होता है, क्योंकि ग्राहकों आने जाने में परेशानी होती है।

उन्होंने आगे कहा कि विरोध-प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है। इसे व्यापारिक केंद्र जैसे कनॉट प्लेस पर नहीं, बल्कि आवंटित की गई जगह पर ही किया जाना चाहिए। कनॉट प्लेस में कारोबार करने वाले अन्य व्यापारी राजेंद्र शर्मा ने कहा कि यहां देश-विदेश से लोग आते हैं और विरोध-प्रदर्शनों के कारण व्यापार लगातार प्रभावित होता है।

शर्मा ने आगे कहा कि कनॉट प्लेस में कारोबार चलाना काफी महंगा है, किराए से लेकर बिजली बिल और कर्मचारियों के वेतन आदि देने होते हैं। ऐसे में विरोध-प्रदर्शनों से कनॉट प्लेस मुक्त रखना चाहिए।

Leave feedback about this

  • Service