May 23, 2026
Entertainment

अपराधी की कोई जात नहीं होती, सम्राट चौधरी के बयान पर खेसारी लाल यादव ने दी प्रतिक्रिया

A criminal has no caste, Khesari Lal Yadav reacts to Samrat Chaudhary’s statement

पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एनकाउंटर वाले बयान को लेकर अब भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारे खेसारी लाल यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। खेसारी लाल यादव ने कहा कि अपराधी की कोई जात नहीं होती और उसे सिर्फ अपराधी के रूप में ही देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराध को जाति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री अपने हिसाब से बोल रहे हैं और उन्हें इस मामले में ज्यादा टिप्पणी करना सही नहीं लगता।

दरअसल, बिहार में पिछले कुछ दिनों से पुलिस एनकाउंटर को लेकर सियासत तेज हो गई है। विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा है कि राज्य में जाति देखकर कार्रवाई की जा रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक कार्यक्रम के दौरान बयान दिया था कि ‘जाति पूछकर ही गोली चलाओ।’ मुख्यमंत्री का यह बयान सामने आने के बाद राजनीति से लेकर सोशल मीडिया तक बहस शुरू हो गई। वहीं सत्ता पक्ष का कहना है कि मुख्यमंत्री ने यह बात विपक्ष के आरोपों पर तंज कसते हुए कही थी।

इसी पूरे विवाद के बीच खेसारी लाल यादव ने कहा, ”अपराधी सिर्फ अपराधी होता है और उसकी कोई जात नहीं होती। हर कोई अपनी सोच और समझ के हिसाब से बयान देता है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता।”

खेसारी लाल यादव ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की। जब उनसे उनकी अगली फिल्म की रिलीज को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ”मौजूदा हालात नोटबंदी के समय से भी ज्यादा खराब हैं। आज लोगों की सबसे बड़ी चिंता अपना घर चलाना और भविष्य के लिए पैसा बचाना है। पेट्रोल, डीजल, गैस और रोजमर्रा की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। ऐसे समय में फिल्मों को रिलीज करना सही फैसला नहीं होगा, क्योंकि लोग मनोरंजन से ज्यादा अपने खर्चों को संभालने में लगे हुए हैं।”

उन्होंने बताया, “मेरी कई फिल्में पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन मैं सही समय का इंतजार कर रहा हूं। आने वाले दिनों में हालात और मुश्किल हो सकते हैं, इसलिए लोगों को अपने परिवार और भविष्य को ध्यान में रखकर पैसे खर्च करने चाहिए।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील पर भी खेसारी लाल यादव ने अपनी राय रखी, जिसमें उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और सोना खरीदने से बचने की बात कही गई थी। खेसारी ने कहा, ”जब हाल ही में कई राज्यों में चुनाव हो रहे थे, तब भी देश की यही स्थिति थी। अगर हालात इतने गंभीर थे तो उस समय भी लोगों से बचत की अपील की जा सकती थी, हालांकि मैं राजनीति पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता।”

खेसारी लाल यादव ने आगे कहा, ”गरीब लोगों से बचत की अपील करने का ज्यादा मतलब नहीं है, क्योंकि कई गरीब परिवारों के पास तो साइकिल तक नहीं है। जिन बड़े उद्योगपतियों, अमीर लोगों और फिल्मी सितारों ने जनता के जरिए नाम और पैसा कमाया है, उन्हें आगे आकर देश की मदद करनी चाहिए। चाहे बड़े कारोबारी हों, अभिनेता हों या वह खुद, सभी को अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग देना चाहिए, ताकि देश मुश्किल समय से लड़ सके।”

Leave feedback about this

  • Service