November 2, 2026
National

आईटीबीपी ने हवलदार जंगखोकाई कुकी को दी श्रद्धांजलि, अरुणाचल में उग्रवादी हमले में हुए थे शहीद

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में उग्रवादी हमले में शहीद हुए असम राइफल्स के हवलदार जंगखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि अर्पित की है आईटीबीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि 21 असम राइफल्स के हवलदार जंगखोकाई कुकी ने नंपोंग में उग्रवादी हमले के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। बल ने उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को हमेशा याद रखने की बात कही।

आईटीबीपी ने अपने संदेश में कहा, “21 असम राइफल्स के हवलदार जंगखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि, जिन्होंने नंपोंग (अरुणाचल प्रदेश) में उग्रवादी हमले के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस और बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।”

गौरतलब है कि 29 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के निकट गश्त कर रही 21 असम राइफल्स की टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। अधिकारियों के अनुसार, नंपोंग सर्किल के नंपोंग नाले के पास यह हमला उस समय हुआ जब जवान उस क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, जहां सीमा पर फेंसिंग का कार्य चल रहा है।

हमले में 42 वर्षीय हवलदार जंगखोकाई कुकी शहीद हो गए जबकि चार अन्य जवान घायल हो गए। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, उग्रवादियों ने गश्ती दल पर अचानक गोलियां बरसाईं, जिससे हवलदार कुकी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया और अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा गया। हमलावरों की तलाश के लिए सघन अभियान जारी है। कुछ रिपोर्टों में एनएससीएन-के-वाईए से जुड़े उग्रवादियों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

—

Leave feedback about this

  • Service