September 16, 2026
National

‘न सरकार बनाई, न गिराई, फिर यूपी पर टिप्पणी क्यों’, नीरज कुमार का तेज प्रताप पर तंज

‘Neither formed nor toppled the government, then why comment on UP’, Neeraj Kumar’s jibe at Tej Pratap

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोमवार को आईएएनएस से खास बातचीत में विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कई अहम मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने यूपी की राजनीति को लेकर तेज प्रताप यादव के हालिया बयान से लेकर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी समेत कई मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी।

यूपी की राजनीति को लेकर तेज प्रताप यादव के हालिया बयान पर उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार का अंदरूनी मामला है और इस पर किसी को टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने न सरकार बनाने में कोई योगदान दिया है और न ही उसे गिराने में, फिर उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनकी क्या भूमिका है?

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 10 दिनों के भीतर चौथी बार हुई बढ़ोतरी पर नीरज कुमार ने कहा कि भारत अभी पेट्रोलियम उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं है और आयात पर निर्भर है। उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी संकट को इसकी बड़ी वजह बताया। अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर चुनौतियां पैदा हुई हैं, जिसका असर उन देशों पर अधिक पड़ रहा है जो आयातित पेट्रोलियम पर निर्भर हैं।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर महंगाई पर भी पड़ेगा। भारत लगातार शांति और संवाद के जरिए वैश्विक संकट का समाधान निकालने की अपील कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है। भारत महात्मा गांधी के रास्ते पर चलते हुए दुनिया में अमन और शांति स्थापित करने की बात कर रहा है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की मालदीव नीति की तारीफ किए जाने पर भी नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विदेश नीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद जैसे गंभीर मुद्दों पर देश में हमेशा व्यापक सहमति रही है। इस पर कभी भी मतभेद या मनभेद नहीं होना चाहिए। शशि थरूर कांग्रेस में रहते हुए भी राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे रहे हैं और यह कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है, जिसे राजीव गांधी और इंदिरा गांधी ने स्थापित किया था। उन्होंने कहा कि यह राहुल गांधी के लिए आईना है।

पश्चिम बंगाल सरकार के कथित होल्डिंग सेंटर फैसले और अवैध बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठियों के मुद्दे पर नीरज कुमार ने कहा कि बंगाल में घुसपैठ एक बड़ा संकट बन चुका है। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की जांच धर्म देखकर नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि यह देश धर्मशाला नहीं है। उन्होंने ममता बनर्जी और इंडिया ब्लॉक पर निशाना साधते हुए चुनाव आयोग से जुड़े मामलों में दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस नेताओं से मुस्लिम मुद्दों को खुलकर उठाने की अपील पर नीरज कुमार ने कहा कि बिहार के मुसलमान यह अच्छी तरह जानते हैं कि किसकी नीयत साफ है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में भागलपुर दंगों के दौरान दंगाइयों को संरक्षण मिलता रहा, जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व में दंगाइयों पर कार्रवाई हुई और विस्थापितों को समय पर पेंशन और मुआवजा मिला।

वहीं, ममता बनर्जी द्वारा फाल्टा में भाजपा पर वोट लूटने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद दूसरे पर दोष मढ़ना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि आपका उम्मीदवार फरार हो गया, आप चुनाव हार गए और अब आरोप दूसरों पर लगा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने की साजिश का आरोप लगाए जाने के मुद्दे पर नीरज कुमार ने कहा कि विपक्ष के नेता गैर-जिम्मेदाराना राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईर्ष्या और द्वेष उनकी राजनीति की बुनियाद बन चुके हैं और वे नकारात्मक राजनीति का एजेंडा तय कर रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service