June 10, 2026
National

12 वर्षों में पीएम मोदी ने 17 बार किया हरियाणा का दौरा, अपनी ‘कर्मभूमि’ को दी विकास की बड़ी सौगात : नायब सैनी

PM Modi has visited Haryana 17 times in 12 years, gifting major development projects to his ‘Karmabhoomi’: Nayab Saini

भारत के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के लगातार 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा करने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पत्र लिखकर बधाई दी है। इसके साथ ही हरियाणा को प्रधानमंत्री की कर्मभूमि बताते हुए राज्य को दी गई परियोजनाओं के लिए आभार भी व्यक्त किया।

नायब सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित पत्र में लिखा, “आपके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से आपको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह अवसर आपके वंदन का है, अभिनंदन का है। आज आप भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित व जन-जन के लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं। हमारी हरिभूमि ने ही आपको प्रधानमंत्री के रूप में देखने का संकल्प लिया था।

आपको याद होगा कि 15 सितंबर, 2013 को रेवाड़ी में आयोजित देश के पूर्व सैनिकों की रैली से आपने अपने 2014 के लोकसभा चुनावों के अभियान की शुरुआत की थी। हमें पूरा विश्वास है कि उस रैली का उत्साह और आपके प्रति प्यार अभी भी आपके मानस पटल पर अंकित है। हम हरियाणा के लोग सदैव राष्ट्र निर्माण की अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं। हमारे वीर जवानों, परिश्रमी किसानों, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और कर्मठ युवाओं ने सदा ही राष्ट्र के गौरव को बढ़ाया है। इसलिए जब भी भारत की प्रगति, सुरक्षा, सम्मान और वैश्विक प्रतिष्ठा की बात होती है, तो हरियाणा का हृदय उससे गहराई से जुड़ जाता है। पिछले 12 वर्षों में देश ने जिस आत्मविश्वास, स्थिरता और विकास का अनुभव किया है, उसने हरियाणा के जन-जन को भी नई ऊर्जा और नए विश्वास से भर दिया है।”

नायब सैनी ने आगे लिखा, “आपने हरियाणा के गांवों में सभी बेघर परिवारों को घर देकर, माताओं-बहनों के घर धुआं रहित रसोई का सपना साकार करके, हर गरीब को बिना भेदभाव के सरकारी सहायता देकर और डिजिटल तकनीक के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाकर सुशासन की ऐसी छाप छोड़ दी है, जिसे हमारी आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।”

मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा आपकी कर्मभूमि रही है। आपका हरियाणा से विशेष लगाव है। आप 17 बार प्रधानमंत्री के रूप में हरियाणा आए। आपने हर बार अपना पूरा प्यार हम पर लुटाया है। हमें बड़ी-बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी है। हमारे लिए सबके नाम तो इस पत्र में लिखना संभव नहीं है। आपने अब तक 1,390 किलोमीटर लंबे 22 राष्ट्रीय राजमार्ग दिए हैं। इसी का परिणाम है कि आज प्रदेश का हर जिला राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ गया है।

हरियाणा मेहनतकश किसानों की भूमि है। आपने अब तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत हमें 9,888 करोड़ रुपये देकर जनसेवा की नई मिसाल प्रस्तुत की है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना में 20.17 लाख किसानों को 7,562 करोड़ रुपये दिए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में 15 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए हैं। प्रदेश में 2.18 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना में 27 लाख से अधिक लोगों को 4,148 करोड़ रुपये से मुफ्त इलाज मिला है। पीएम गरीब अन्य कल्याण योजना में 1.57 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.56 लाख गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ” किसी भी नेता की पहचान केवल उसके निर्णयों से नहीं होती। बल्कि, उसके व्यक्तित्व, कार्यशैली और मूल्यों से भी होती है। सार्वजनिक जीवन में आपका (प्रधानमंत्री) अनुशासन, अथक परिश्रम, सादगी और राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। आज आप भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में एक विशिष्ट स्थान प्राप्त कर चुके हैं। हम हरियाणावासी धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन की कालजयी परंपरा को अक्षरशः पालन करते हुए आपके प्रति अपना सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करके स्वयं को और अधिक गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service