June 10, 2026
National

कांग्रेस में नेतृत्व का अभाव, राहुल गांधी को कुछ लोगों ने मजबूरी में आगे बढ़ाया: किरेन रिजिजू

Lack of leadership in Congress; some people pushed Rahul Gandhi forward out of compulsion: Kiren Rijiju

10 जून । केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को सराहा है और उनकी उपलब्धियों को गिनाया है। इसके साथ ही, रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है और कहा कि राहुल का कोई नेतृत्व नहीं है। कांग्रेस में कुछ लोगों ने उन्हें मजबूरी में आगे बढ़ा रखा है।

क्या भाजपा को भरोसा है कि 2029 में वह अपने दम पर 300 से अधिक सीटें हासिल कर सकती है? इस सवाल पर किरेन रिजिजू ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मुझे साफ दिखाई देता है कि देश को ‘विकसित राष्ट्र’ बनाने के लिए लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छोड़कर किसी और के बारे में नहीं सोचते हैं।”

उन्होंने कहा, “विपक्ष अपनी बात करता है और लोकतंत्र में उसे अधिकार भी है। देश के लोगों को भी अच्छे से मालूम है कि जो 50 साल में नहीं हो पाया, वो पीएम मोदी ने 12 सालों में करके दिखाया है। सड़क बनाने की गति, रेलवे का विद्युतीकरण, एयरपोर्ट, घरों तक बिजली-पानी व गरीबों को घर, किसी भी क्षेत्र में देख सकते हैं, कोई तुलना नहीं की जा सकती है। 2014 से पहले देश चल रहा था, लेकिन 2014 के बाद देश दौड़ रहा है।”

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने जो काम किया है, वह निरंतर चलता रहेगा और देश की जनता का भी यही मानना है। जनता खुद कहती है कि ‘मोदी देश की जरूरत हैं। उनके नेतृत्व में ही ‘विकसित भारत’ बनेगा।

इस दौरान किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने नेतृत्व और चरित्र के कारण कमजोर है। विशेषकर कांग्रेस पार्टी के कमजोर होने का कारण उनके नेता और चरित्र ही हैं। कांग्रेस बिखर चुकी है। इसके लिए भाजपा जिम्मेदार नहीं है। बिना नेतृत्व के कांग्रेस का आगे भविष्य नहीं है। किसी भी संगठन को आगे ले जाने के लिए एक नेता चाहिए होता है, लेकिन कांग्रेस में नेतृत्व नहीं है।

राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर उन्होंने कहा, “राहुल गांधी का कोई नेतृत्व नहीं है। कुछ लोगों ने उन्हें मजबूरी में आगे बढ़ा रखा है। वे देश के लिए नहीं जी सकते हैं। वे 70 प्रतिशत समय विदेशों में बिताते हैं। देश में वापस आकर एक-दो बयान देते हैं और फिर विदेश भाग जाते हैं।”

टीएमसी के बागी सांसदों की ओर से पीएम मोदी की प्रशंसा किए जाने पर किरेन रिजिजू ने कहा, “अगर कोई प्रधानमंत्री के काम से खुश होकर आना चाहता है तो हम तो स्वागत करेंगे। हम कैसे कह सकते हैं कि आप भाजपा या पीएम मोदी को समर्थन न दें? अगर पीएम मोदी के काम की सराहना करके कोई सांसद उनका साथ देता है तो हम भी यही चाहेंगे। हम संसद में अच्छे विधेयक और पॉलिसी लेकर आते हैं, तब भी हम कांग्रेस के सांसदों से भी कहते हैं कि समर्थन करें। यह अलग है कि नकारात्मक सोच के कारण कांग्रेस समर्थन नहीं देती है।”

पश्चिम बंगाल की जीत पर उन्होंने कहा, “यह जनता बता चुकी है कि टीएमसी का भविष्य भी कांग्रेस जैसा है।” वहीं, ‘इंडिया’ ब्लॉक के नेताओं में आपसी बयानबाजी को लेकर रिजिजू ने कहा, “इस गठबंधन का कोई भविष्य नहीं है। इसमें शामिल दल सिर्फ मौकापरस्त हैं। वे सभी साथ में मजबूरी के कारण आते हैं, क्योंकि देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है।”

Leave feedback about this

  • Service