June 10, 2026
National

पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ, भाजपा और सहयोगी दलों ने जताया गर्व

India has scaled new heights under the leadership of PM Narendra Modi; the BJP and its allies have expressed pride.

10 जून । पीएम नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर एनडीए नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। नेताओं ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को सुशासन, विकास, गरीब कल्याण, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तीकरण और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए इसे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर भाजपा सांसद स्वाति मालीवाल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा “आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है, जिसे इस देश में दशकों और सदियों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के 12 साल पूरे कर लिए हैं और देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले नेताओं में से एक बन गए हैं। प्रधानमंत्री ने पिछले 12 सालों में ऐसे बड़े-बड़े काम करके दिखाए हैं, जो देश में पहले कभी नहीं हुआ था। दुश्मन के घर में घुसकर मारना, धारा 370 हटाना, महिलाओं का उत्थान, सड़कों का विकास, घर-घर शौचालय और गरीबों के लिए घर बनाया है, जो पहले कभी नहीं हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह विश्व में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, वैसा पहले कभी नहीं हुआ। मैंने पीएम मोदी की दीर्घायु के लिए पूजा-अर्चना की है। मैं चाहती हूं कि देश ऐसे ही आगे तरक्की करता रहे।”

ओडिशा के पुरी में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, “जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने लाल किले की प्राचीर से उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के बारे में बात की। आज जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो यह अभियान बहुत सफल रहा है। बच्चे भी इस अभियान से जुड़ गए हैं और लोगों को सफाई के बारे में जागरूक करते रहते हैं। इसी कड़ी में पुरी में सफाई अभियान चलाया गया है।”

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। यह किसी भी चुने हुए प्रधानमंत्री का सबसे लंबा कार्यकाल है और यह अभी भी जारी है। पिछले 12 वर्षों में दुनियाभर में भारत का सम्मान और पहचान काफी बढ़ी है। आज, वैश्विक मंच पर भारत को एक अलग नजरिए से देखा जाता है और उसे सम्मान और गरिमा के साथ देखा जाता है। भारत अब देशों के बीच अग्रणी भूमिका निभाने की स्थिति में है।”

हिमाचल प्रदेश के ऊना में बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, “140 करोड़ भारतीयों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के नेतृत्व के लिए दिल से बधाई और आभार। पिछले 12 वर्षों में उन्होंने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और जवाबदेही व अच्छे प्रशासन पर केंद्रित शासन व्यवस्था दी है।”

कर्नाटक के मैसूरु में सांसद यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार ने कहा, “देश के लिए पीएम नरेंद्र मोदी की सेवा बेमिसाल रही है और उनके योगदान से समाज के सभी वर्गों के भारतीयों का जीवन सीधे तौर पर बेहतर हो रहा है।”

पटना में जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “जनता से मिले जनादेश के अनुसार काम करने का मौका मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल अब नेहरू से भी लंबा हो गया है। स्वाभाविक रूप से वह एनडीए गठबंधन का नेतृत्व करते हैं और संसदीय दल के नेता हैं। यह पूरा दौर जनता से मिले जनादेश पर आधारित है और मतदाताओं की इच्छा को दर्शाता है।”

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर बनाए गए 4,399 दिनों का रिकॉर्ड, सेवा, सुशासन और दृढ़ संकल्प का रिकॉर्ड है। इस उपलब्धि का श्रेय भारत के 140 करोड़ नागरिकों और देश के नेतृत्व को जाता है। अपने 12 साल के कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया है कि 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकाला जाए।”

पटना में बिहार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा, “दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता और भारत के सबसे सफल प्रधानमंत्री ने 12 साल का शानदार कार्यकाल पूरा किया है। पूरी दुनिया में भारत का नाम गूंज रहा है और पूरे देश को गर्व है कि हमारे नेता नरेंद्र मोदी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।”

भाजपा दिल्ली के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा, “यह हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है कि आज नरेंद्र मोदी जवाहरलाल नेहरू का कार्यकाल पीछे छोड़ते हुए सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। देश भर में 140 करोड़ लोग अपने-अपने देवी-देवताओं से प्रधानमंत्री की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सेवा के प्रति उनके निरंतर समर्पण के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।”

गुजरात के जामनगर में विधायक दिव्येश अकबरी ने कहा, “चुने हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 तक अपने पद पर 3,499 दिन पूरे कर लिए हैं और भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता के तौर पर इतिहास में अपनी जगह बना ली है। इस उपलब्धि के साथ-साथ 2014 से 2026 तक देश की 12 साल की विकास यात्रा का भी जश्न मनाया जा रहा है।”

गुजरात की मंत्री रिवाबा जडेजा ने कहा, “जामनगर में भारतीय जनता पार्टी की टीम की ओर से मैं प्रधानमंत्री को दिल से बधाई देती हूं और उनके लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं। इन 12 वर्षों में उनके कार्यकाल में जन-भागीदारी पर केंद्रित कई पहल शामिल रही हैं। इनमें से एक प्रमुख पहल ‘स्वच्छता अभियान’ है। आज जामनगर शहर में सभी भाजपा पार्षदों और पदाधिकारियों ने स्वच्छता अभियान शुरू किया।”

उत्तर प्रदेश के गोंडा में भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार के प्रधानमंत्री का 12 साल का कार्यकाल पूरा करना अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसलिए मैं प्रधानमंत्री मोदी और सरकार को बधाई देना चाहता हूं।”

Leave feedback about this

  • Service