June 11, 2026
National

पुणे में जिम संचालक पर जानलेवा हमला, फायरिंग के बाद धारदार हथियार से वार, 4 आरोपी हिरासत में

Life-threatening attack on gym owner in Pune; shot at and then struck with a sharp-edged weapon; 4 accused in custody.

महाराष्ट्र के पुणे में एक जिम संचालक पर जानलेवा हमला हुआ है। चार हमलावरों ने कथित तौर पर तीन राउंड फायरिंग की और बाद में जिम संचालक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के बाद फिलहाल पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

यह घटना पुणे जिले के सहकार नगर इलाके की है। एफआईआर के अनुसार, पीड़ित योगेश महेश बानेकर (33) बुधवार रात करीब 9:45 बजे बिकानेर चौक पर अपनी मोटरसाइकिल के साथ फल खरीदने के लिए रुका था। इसी दौरान दो वाहनों पर सवार होकर आए चार लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आदित्य विष्णु थोपटे, अनिकेत महादेव शिरसाट, रोहित संतोष नाचरे और लखन उर्फ लकी चंद्रकांत वाघमारे ने अज्ञात कारणों से बानेकर की हत्या करने की नीयत से उस पर तीन बार फायरिंग की। शिकायत के अनुसार, आरोपियों की ओर से चलाई गई गोलियों में से एक गोली उनके सिर के पीछे की ओर मारी गई।

इसके बाद जब बानेकर खुद को बचाने के लिए वहां से भागने लगा, तब हमलावरों ने उसका पीछा किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों में से एक ने उसे पकड़ने की बात कहते हुए पीछा किया और अपने हाथ में मौजूद कोयता जैसे धारदार हथियार से सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बानेकर को उपचार के लिए चिन्मय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले पर जानकारी देते हुए पुणे पुलिस के उपायुक्त मिलिंद मोहिते ने बताया कि सहकार नगर पुलिस थाना क्षेत्र में रात करीब 10 बजे फायरिंग की घटना हुई। उन्होंने कहा कि योगेश बानेकर नामक जिम संचालक पर चार लोगों ने दो वाहनों से आकर फायरिंग की। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीसीपी मोहिते ने बताया कि घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave feedback about this

  • Service