June 13, 2026
National

महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर रजनी तिवारी का सपा पर हमला, बोलीं- यही है पार्टी का चाल-चरित्र

Rajni Tiwari attacks SP over remarks about women; says this reflects the party’s conduct and character.

13 जून । उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री रजनी तिवारी ने महिलाओं पर समाजवादी पार्टी के नेता शराफत अली द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सपा नेता का बयान से ही पता चल रहा है कि पार्टी का चाल-चरित्र कैसा है।

उन्होंने कहा, “सपा नेता ने महिलाओं के संबंध में जो टिप्पणी की है, वह बेहद निंदनीय है। उनके इस कृत्य की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। अपनी ही पार्टी की महिला विधायक और महिला सांसद के बारे में जिस तरह की टिप्पणी वे कर रहे हैं, उससे उनकी महिलाओं के प्रति सोच और मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।”

उन्होंने आगे कहा, “समाजवादी पार्टी के लिए यह कोई नई बात नहीं है। समय-समय पर उनके नेताओं का महिलाओं के प्रति व्यवहार सामने आता रहा है। चाहे मायावती के प्रति हुआ गेस्ट हाउस कांड हो या अन्य महिलाओं के संबंध में की गई टिप्पणियां, सपा नेताओं का रवैया हमेशा सवालों के घेरे में रहा है। यही समाजवादी पार्टी का चाल-चरित्र है, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं।”

रजनी तिवारी ने कहा, “महिलाओं के प्रति इस तरह की टिप्पणी करने का अधिकार किसी को नहीं है। जहां महिलाओं का सम्मान नहीं होता, वहां न तो देश तरक्की कर सकता है और न ही प्रदेश। यह बेहद अनुचित और दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार के 12 वर्ष अत्यंत सफल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता के लिए बिना रुके और बिना थके निरंतर कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में भी डबल इंजन की सरकार विकास और जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। मैं प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं और आशा करती हूं कि उनका नेतृत्व हमें इसी प्रकार मिलता रहे, ताकि हमारा प्रदेश और देश निरंतर उन्नति करता रहे।”

नीट के अभ्यर्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिए जाने के निर्णय पर उन्होंने कहा, “युवाओं के हित में यह फैसला है। हमारे युवा आगे बढ़ें और अपनी तरक्की करते रहें, उसी से हमारा देश भी तरक्की करेगा।”

Leave feedback about this

  • Service