July 2, 2026
Entertainment

सचिन तेंदुलकर ने याद किया आशा भोसले का अनमोल तोहफा, 36 साल बाद पूरी हुई दिल की ख्वाहिश

Sachin Tendulkar recalls a priceless gift from Asha Bhosle; a heartfelt wish fulfilled after 36 years.

भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने दिवंगत गायिका आशा भोसले से जुड़ी एक याद साझा की। सचिन ने बताया कि आज से करीब 36 साल पहले आशा भोसले ने उन्हें एक ऐसा गिफ्ट दिया था, जिसने उनके संगीत सुनने के नजरिए को बदल दिया।

सचिन तेंदुलकर ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें और एक वीडियो साझा किया। इन तस्वीरों में वह मशहूर फ्रेंच म्यूजिक ग्रुप ‘जिप्सी किंग्स’ के सदस्यों के साथ नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह ग्रुप के प्रमुख सिंगर निकोलस रेयेस से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीरों में सभी कलाकार एक साथ कैमरे के सामने पोज दे रहे हैं।

इन तस्वीरों और वीडियो के साथ सचिन ने कैप्शन में लिखा, ”साल 1990 में आशा ताई ने मुझे जिप्सी किंग्स की दो सीडी गिफ्ट में दी थी। उन एल्बमों को सुनने के बाद मैं इस ग्रुप का बड़ा फैन बन गया और सालों तक उनके गानों को सुनता रहा। करीब 36 साल बाद एक दोस्त की समर पार्टी में मेरी मुलाकात इस ग्रुप के मेंबर्स से हुई। यह मेरे लिए शानदार सरप्राइज था।”

सचिन ने पोस्ट के आखिर में लिखा, ”जिंदगी में कुछ पल ऐसे होते हैं, जिनका इंतजार सालों तक रहता है, लेकिन जब वे पल सामने आते हैं तो उस खुशी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।”

आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था। उन्होंने मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम विदाई के दौरान फिल्म, संगीत, राजनीति और उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं।

अपने करियर में आशा भोसले ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान हासिल किए। साल 2000 में उन्हें भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया, जबकि वर्ष 2008 में उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से नवाजा गया।

Leave feedback about this

  • Service