July 2, 2026
Entertainment

ऋषभ कांत ने अलका याग्निक संग काम का अनुभव किया साझा, बोले-‘उनसे मिली प्रोफेशनलिज्म की सीख’

Rishabh Kant shares his experience of working with Alka Yagnik; says, “Learned professionalism from her.”

संगीत की दुनिया में गायक ऋषभ कांत को ‘द रिश’ के नाम से भी जाना जाता है। वह दिग्गज पार्श्व गायिका अलका याग्निक के बड़े फैन हैं। दोनों ने लोकप्रिय गाने ‘अपना चेहरा दिखा’ पर साथ काम किया था। इस रोमांटिक ट्रैक को कांत ने लिखा और कंपोज किया था और इसे टी-सीरीज म्यूज़िक लेबल के तहत रिलीज़ किया गया था। इस कड़ी में अब ऋषभ कांत ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अलका याग्निक के साथ अपने शुरुआती सहयोग को याद करते हुए अनुभव साझा किया है।

आईएएनएस से बात करते हुए ऋषभ कांत ने कहा, ”जब मैं बहुत कम उम्र का था, तब मुझे अपने द्वारा बनाई गई एक धुन को अलका याग्निक जैसी महान गायिका की आवाज में सुनने का अवसर मिला। यह अनुभव मेरे लिए किसी सपने के पूरा होने जैसा था। उस समय मैं हैरान रह गया था और यह विश्वास करना मुश्किल लग रहा था कि इतनी बड़ी कलाकार मेरे बनाए हुए संगीत को अपनी आवाज दे रही हैं।”

उन्होंने कहा, “वो गाना सालों पहले मेरे पिता के स्टूडियो में रिकॉर्ड किया गया था। उस समय मैं संगीत निर्माण सीख रहा था और यह मेरे लिए एक बहुत बड़ा मौका था। हालांकि, मैंने इस गीत को रिलीज नहीं किया। मैंने इसे अपने पास संभालकर रखा क्योंकि मैं चाहता था कि इसे तब रिलीज़ किया जाए जब लोग मुझे एक कलाकार के रूप में पहचानने लगें।”

ऋषभ कांत ने बताया, ”सबसे बड़ी हैरानी यह थी कि जहां एक तरफ मैं एक गाने को बनाने और उसे पूरा करने में लंबे समय तक मेहनत कर रहा था, वहीं अलका याग्निक ने उसे बहुत ही कम समय में, बेहद सहजता के साथ रिकॉर्ड कर दिया। उनके लिए यह सिर्फ एक रिकॉर्डिंग सेशन था, लेकिन मेरे लिए यह जीवन भर का सपना था जो साकार हो रहा था।”

उन्होंने आगे कहा, ”इसी अनुभव से मुझे संगीत की दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण सबक मिला- प्रोफेशनलिज्म। अलका याग्निक ने जिस सहजता, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ काम किया, उसने मुझे सिखाया कि एक सच्चा कलाकार सिर्फ प्रतिभा से नहीं, बल्कि अपने काम के प्रति अनुशासन से भी पहचाना जाता है। यह अनुभव मेरे लिए एक सीख की तरह था।”

बता दें कि ऋषभ कांत ने 2025 की फिल्म ‘सैयारा’ में गीत ‘बर्बाद’ के जरिए गीतकार और संगीतकार के रूप में डेब्यू किया, जिसे निर्देशक मोहित सूरी ने निर्देशित किया था।

Leave feedback about this

  • Service