July 9, 2026
National

लगातार बारिश से नोएडा-ग्रेटर नोएडा बेहाल, सरकारी दफ्तरों से लेकर स्कूलों और अंडरपास तक जलभराव

Continuous rains flood Noida-Greater Noida Behal, government offices to schools and underpasses

9 जुलाई । बीती रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर की सड़कों, सरकारी कार्यालयों, अंडरपास, आवासीय क्षेत्रों और निर्माण स्थलों पर जलभराव की गंभीर स्थिति देखने को मिली। कई स्थानों पर बारिश के कारण हादसे भी हुए। कहीं सरकारी कार्यालय में पानी भर गया तो कहीं निर्माणाधीन बेसमेंट धंसने से बाउंड्रीवाल गिर गई। वहीं दादरी में एक मकान की दीवार भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

नोएडा के सेक्टर-33 स्थित एआरटीओ कार्यालय में बारिश का पानी भर जाने से पूरा परिसर तालाब में तब्दील हो गया। कार्यालय के कमर्शियल, प्रवर्तन और एआरटीओ सहित सभी कमरों में पानी घुस गया, जिससे कार्यालय का कामकाज प्रभावित हुआ। कर्मचारी कमरों से पानी निकालते और सफाई करते नजर आए। कार्यालय परिसर के बाहर बने नाले की समय पर सफाई नहीं होने के कारण ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया। इससे कार्यालय आने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

एआरटीओ नंद कुमार स्वयं कार्यालय की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते दिखाई दिए और उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को फोन कर जलभराव की समस्या से अवगत कराया। बारिश का असर ग्रेटर नोएडा के न्यू दादरी जंक्शन और शिवालिक होम्स सोसाइटी के पास बने अंडरपास पर भी देखने को मिला। अंडरपास में भारी मात्रा में पानी भर गया, जिससे कई कारें और अन्य वाहन बीच रास्ते में फंस गए। पानी निकालने के लिए अस्थायी पंप लगाए गए हैं, लेकिन कई स्थानों से पानी दोबारा अंडरपास में रिसने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्थायी उपायों के बजाय जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि हर बारिश में लोगों को इस परेशानी का सामना न करना पड़े। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के पास निर्माणाधीन लंदन मार्ट में बेसमेंट निर्माण के दौरान सड़क धंस गई और पूरी बाउंड्रीवाल गिर गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उधर, नोएडा के सेक्टर-63 में भी जलभराव के कारण एक बड़ा हादसा सामने आया। सेक्टर-63 के ई-45 स्थित एक कंपनी की दीवार भरभराकर गिर गई।

बताया जा रहा है कि कंपनी के किनारे बनी नाली जाम होने से सड़क पर पानी भर गया था, जिसके दबाव के कारण दीवार ढह गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। यह घटना थाना सेक्टर-63 क्षेत्र की है। दादरी क्षेत्र में भी तेज बारिश के चलते एक मकान की दीवार अचानक गिर गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने से सभी की जान बच गई। दीवार गिरने के बाद मकान का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों के स्कूल परिसरों में भी पानी भर गया, जिससे छात्रों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, कई प्रमुख सड़कों और अंडरपासों पर जलभराव से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। प्रशासन विभिन्न स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकालने में जुटा है, लेकिन लगातार बारिश के चलते हालात सामान्य होने में समय लग सकता है। स्थानीय लोग नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service