July 14, 2026
Entertainment

‘अलायंस’ में कुशाल-अली की दोस्ती में दरार, बहस के बाद आमने-सामने आए दोनों सितारे

Rift in Kushal and Ali’s friendship within the ‘Alliance’; the two stars clash after an argument.

रियलिटी शो ‘अलायंस’ में जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे कंटेस्टेंट्स के बीच की दोस्ती और रिश्तों में बदलाव देखने को मिल रहा है। शो में अलायंस ही खिलाड़ियों की ताकत हैं लेकिन अब यही रिश्ते कई बार तनाव की वजह भी बन रहे हैं। हालिया एपिसोड में कुशाल टंडन और अली गोनी के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

दरअसल, शो में चल रहे विवाद के बीच कुशाल टंडन और अली गोनी ने आमने-सामने बैठकर अपनी बात रखने की कोशिश की। शुरुआत में बातचीत शांत थी लेकिन धीरे-धीरे दोनों ने एक-दूसरे के फैसलों और सोच पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इस दौरान अर्सलान गोनी दोनों के बीच फंसे नजर आए। एक तरफ उनका अपना अलायंस था और दूसरी तरफ उनका भाई अली, इसलिए उन्होंने कोशिश की कि मामला ज्यादा न बढ़े और बातचीत किसी नतीजे तक पहुंचे।

अली गोनी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह कुशाल को निशाना नहीं बना रहे हैं, बल्कि वह वंशज के लिए अपनी राय रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कभी उम्र को लेकर किसी का अपमान करने की बात का समर्थन नहीं किया। पूरे सीजन में वंशज ने उम्र को लेकर ऐसी कोई बात नहीं कही, जिसके लिए उसे गलत ठहराया जाए।

वहीं, कुशाल टंडन ने भी अपनी तरफ से बात रखी और कहा कि मुझे लगा था कि वंशज ने बदतमीजी की है और इसी वजह से मेरे मन में उसके प्रति ऐसी सोच बनी। मेरा मुद्दा किसी और बात को लेकर नहीं था।

इसी बीच शो में आए एक सिस्टम अलर्ट ने माहौल को और बदल दिया। अलर्ट में कंटेस्टेंट्स को बताया गया कि बाहर की दुनिया उनके बारे में क्या सोच रही है। इस टास्क के लिए हर अलायंस से एक सदस्य को चुना गया, जिसमें किंग्स की तरफ से रूही दोसानी, हंटर्स की तरफ से जैद दरबार, वॉरियर्स की तरफ से रीवा किशन और लेजेंड्स का प्रतिनिधित्व करने के लिए निखिल चिनपा आगे आए।

इस टास्क का असर तुरंत देखने को मिला और निखिल चिनप्पा खुद को ‘टू बी डिलीटेड’ (बाहर होने की) लिस्ट में पाया।

इसके बाद कुशाल और अली के बीच तनाव और बढ़ गया। कुशाल को लगा कि अली पर्दे के पीछे बाकी लोगों को उनके खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अली ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद किसी के खिलाफ माहौल बनाना नहीं है। वह सिर्फ सभी खिलाड़ियों को बिना डर के खेलने के लिए कह रहे है।

बहस तब ज्यादा बढ़ गई जब कुशाल ने अली को खुली चुनौती दे दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई बात है तो उसे बाहर जाकर सुलझाया जा सकता है, क्योंकि घर के अंदर कुछ करने का मौका नहीं है। उन्होंने टास्क के जरिए आमने-सामने मुकाबले की बात भी कही। ‘अलायंस’ को होस्ट कुणाल खेमू कर रहे हैं और यह प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम है।

Leave feedback about this

  • Service