August 11, 2026
National

पीएम मोदी संग एनडीए सांसदों की मंगल बैठक, तिरंगा लहराकर दिया एकजुटता का संदेश

NDA MPs hold a positive meeting with PM Modi; wave the Tricolour to send a message of unity.

नडीए सांसदों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंगल बैठक वंदे मातरम नारे के साथ शुरू हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए के अन्य नेता तिरंगा लहराते नजर आए। नई दिल्ली में मंगलवार को संसद पुस्तकालय में आयोजित ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगा ध्वज के साथ नजर आए। सांसद हाथ में पोस्टर लेकर सदन में प्रवेश करेंगे, जिनमें लिखा होगा सरकार छात्रों के प्रदर्शन पर चर्चा चाहती है, लेकिन कांग्रेस इसे चाहकर भी अब इससे भाग रही है।

सांसदों के हाथों में झारखंड सरकार को लेकर भी पोस्टर होंगे। उन पोस्टरों पर झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर अत्याचार का मुद्दा उठाया जाएगा। पिछले सप्ताह ‘मंगल मिलन’ बैठक के बाद भाजपा सांसदों ने पत्रकारों से बातचीत की थी। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों, रोजगार, खेल, आर्थिक विकास और संसद की कार्यवाही को लेकर अपनी बात रखी थी। साथ ही, विपक्ष पर संसद की कार्यवाही को बाधित करने का आरोप भी लगाया था।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने आईएएनएस से कहा था कि भारत तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और रोजगार के क्षेत्र में देश की स्थिति लगातार मजबूत हुई है। रोजगार का अनुपात अन्य देशों की तुलना में बेहतर हुआ है और बेरोजगारी में भी कमी आई है। 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो सरकार की नीतियों का परिणाम है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा था कि ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम में देश में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्ष संसद में लगातार हंगामा कर रहा है और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दे रहा है। बैठक में सभी सांसदों ने यह तय किया कि संसद की कार्यवाही के दौरान उनकी उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित रहेगी, ताकि सरकार आवश्यक विधेयकों को पारित करा सके।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल ने कहा था कि बैठक में खेलों के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा था कि हाल में संपन्न ग्लासगो कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन की तुलना यदि यूपीए सरकार के दस वर्षों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले पिछले दस वर्षों से की जाए तो सकारात्मक बदलाव स्पष्ट दिखाई देता है। खेलों के क्षेत्र में भारत की वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हुई है।

वहीं, भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा था कि देश आर्थिक और सामाजिक विकास के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। बैठक में सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि, रोजगार और युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों पर चर्चा हुई। रवि किशन ने भी विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि आखिर विपक्ष संसद को सुचारु रूप से क्यों नहीं चलने दे रहा है।

Leave feedback about this

  • Service