August 11, 2026
National

महाराष्ट्र के सतारा में भीषण हादसाः ट्रक की टक्कर से कार सवार 4 युवकों की मौत

Horrific accident in Satara, Maharashtra: 4 youths in a car killed after collision with a truck.

महाराष्ट्र के सतारा जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। जिले में स्थित शिरवल की सीमा में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब एक तेज रफ्तार कार ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मावल तालुका के कामशेत, तालेगांव दाभाड़े और आस-पास के इलाकों के छह युवक एक नेक्सन कार में जा रहे थे। शिरवल में कार ने एक अशोक लेलैंड ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में वेदांत अर्जुन वारिंगे (उम्र 19, निवासी तलेगांव दाभाड़े), सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (उम्र 19, निवासी कामशेत), आदित्य बालासाहेब गरुड़ (उम्र 19, निवासी तकवे, ताल. मावल) और निखिल बालू राउत (उम्र 20, निवासी कामशेत) की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, दीक्षित दयानंद पुजारी (उम्र 20, निवासी कामशेत) और मयूर हनुमंत शिंदे (उम्र 20, निवासी बाउर, कामशेत) दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। घटना की जानकारी मिलते ही शिरवल पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे की शिकार दोनों गाड़ियों को हटाया गया और हाईवे पर ट्रैफिक नॉर्मल किया गया। इसके साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिरवल पुलिस ने मामला दर्ज कर एक्सीडेंट के सही कारण की जांच कर रही है।

इसके पहले 15 जुलाई को महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में एक कार की डंपर के साथ भिड़ंत होने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसा रत्नागिरी जिले के लांजा क्षेत्र में मुंबई-गोवा हाईवे पर हुआ था। मुंबई के अग्रीपाड़ा का रहने वाले एक परिवार के कुछ सदस्य गोवा गए थे। लौटते समय लांजा रेस्ट हाउस के पास एक खड़े डंपर ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे भयानक हादसा हो गया।

Leave feedback about this

  • Service