September 4, 2026
Entertainment

बर्थडे स्पेशल : ‘जलेबी बाई’ फेम सिंगर रितु पाठक, कभी पिता के साथ छोटे कार्यक्रमों में किया करती थी सिंगिंग

Birthday Special: ‘Jalebi Bai’ fame singer Ritu Pathak used to sing at small events with her father.

एक छोटे से गांव के सामान्य परिवार से आकर बॉलीवुड में अपने गानों के जरिए जगह बनाना बिल्कुल भी आसान नहीं होता, लेकिन रितु पाठक उन चुनिंदा लोगों में से एक हैं, जिन्होंने ऐसा करके दिखाया है। रितु पाठक बॉलीवुड की एक प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर हैं, जिन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान ‘जलेबी बाई’ और ‘पापा जग जाएगा’ जैसे गानों के जरिए बनाई है।

रितु पाठक का जन्म 4 सितंबर 1987 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के एक छोटे से गांव गोपालगंज में एक संगीत प्रेमी परिवार में हुआ था। उनके पिता का एक छोटा-सा म्यूजिक बैंड था, जिस वजह से शुरू से ही उनके परिवार में संगीत का माहौल रहा। उनका बचपन सुर, लय और ताल के बीच बीता।

रितु को संगीत की प्रेरणा अपने पिता से मिली। उन्होंने अपनी बेटी की कला को पहचानकर उसे अपने बैंड के जो कार्यक्रम होते थे, उसमें मंच पर गाने का मौका देते थे। इसके साथ ही रितु स्थानीय स्तर पर ऑर्केस्ट्रा और छोटी-मोटी बैठकों या समारोहों में भी गाया करती थी। रितु ने नागपुर से शास्त्रीय संगीत और हिंदुस्तानी वोकल की शिक्षा प्राप्त की।

रितु का एक सिंगर बनने में उनके पिता का बहुत बड़ा सहयोग रहा। उन्होंने न सिर्फ रितु की कला को पहचाना, बल्कि उसे एक मुकाम दिलाने के लिए हर मुमकिन प्रयास किए। बेटी की कला को पहचानने के बाद रितु के पिता ने उनको छोटे-मोटे गायन प्रतियोगिताओं में भेजना शुरू किया।

हालांकि, रितु की सिंगिंग तब लोगों तक पहुंची, जब वह देश के लोकप्रिय सिंगिंग शो ‘इंडियन आइडल’ के सीजन 2 और ‘फेम एक्स’ में बतौर एक कंटेस्टेंट भाग लिया। इन दोनों मंचों ने रितु की गायकी को आमजन तक पहुंचाने के साथ उन्हें एक पहचान बनाने में मदद की।

बॉलीवुड में रितु के प्लेबैक सिंगिंग करियर की बात करें, तो उन्होंने ‘हाउसफुल’ का गाना ‘पापा जग जाएगा’ से इंडस्ट्री में बतौर सिंगर डेब्यू किया। अपने पहले ही गाने को लेकर उन्होंने खूब सराहना हासिल की। इसके बाद उन्होंने ‘छन के मोहल्ला’ (फिल्म-‘एक्शन रीप्ले’), ‘रजिया’ (फिल्म-‘फिल्म थैंक यू’), ‘राधा नाचेगी’ (फिल्म-‘तेवर’), ‘पीयू दत्त के’ (फिल्म-‘मरजावां’), आदि गाने गाए। हालांकि, अभी तक के करियर में उनका सबसे लोकप्रिय और हिट गाना फिल्म ‘डबल धमाल’ का ‘जलेबी बाई’ रहा है, जिसे लोग आज भी काफी पसंद करते हैं।

Leave feedback about this

  • Service