गुजरात के सूरत में बुधवार देर रात एक टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग लग गई, जिसके बाद आग बुझाने का अभियान चलाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूरत के सरोली इलाके में स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में यह घटना हुई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते इसने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।
इमारत की चौथी और पांचवीं मंजिल पर आग लगी थी, जो पूरी तरह चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 25 से अधिक गाड़ियां, टर्नटेबल हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और लगभग 150 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। ऊंचाई अधिक होने पर आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
सूरत नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारिख ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि सरोली में श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट है। फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को रात करीब 12.50 बजे आग लगने की सूचना मिली। तीन गेटों से गाड़ियां भेजी गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारिख के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने जानकारी दी कि चौथी और पांचवीं मंजिलें आग की लपटों में घिरी हुई थीं और घने धुएं के कारण कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।
बसंत पारिख ने बताया कि इसके बाद ब्रिगेड कॉल घोषित की गई। साथ ही, दूसरे इलाकों से और फायर टेंडर बुलाए गए। 20 से 22 फायर गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और टर्नटेबल लैडर को बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि आग बुझाने का काम करीब 30 मीटर की ऊंचाई पर हो रहा है। दुकानों के शटर बंद थे, इसलिए उनके ताले तोड़कर और शटर काटकर आग बुझाने का काम किया गया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि यह टेक्सटाइल मार्केट है, जहां सिंथेटिक सामग्री है और यह आग में पेट्रोल की तरह काम करती है।
वहीं, फोस्टा सूरत के चेयरमैन कैलाश हकीम और व्यापारी प्रमोद जैन ने बताया कि यह पूरा मार्केट पॉलिस्टर और पेट्रोकेमिकल आधारित टेक्सटाइल का हब है। पॉलिस्टर कपड़ा पेट्रोल की तरह तेजी से आग पकड़ता है और इसमें से भारी मात्रा में धुआं निकलता है। दुकानों में पार्सल और कपड़ों का भारी स्टॉक होने की वजह से आग तेजी से फैली।
व्यापारियों के अनुसार, छठी मंजिल की लगभग 17 से 18 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी हैं। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से रात 11 बजे ही मार्केट की मुख्य एमसीबी (पावर सप्लाई) बंद कर दी जाती है, इसलिए आग के कारणों का फिलहाल सटीक पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन पूरी तरह से कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने में अभी 3 से 4 घंटे का समय और लग सकता है।


Leave feedback about this