दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने के मामले में गिरफ्तार मकान मालिक के बेटे महेश को बुधवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। महेश की पुलिस कस्टडी आज खत्म हो रही है।
कोर्ट ने सोमवार को महेश को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा था। वहीं, उर्मिला और हरिराम को मंगलवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महेश ने बताया कि वह अपने माता-पिता (उर्मिला और हरिराम) की ओर से इमारत के रखरखाव का काम देखता था। उन्होंने अगस्त 2025 में यह इमारत पीजी ऑपरेटर ‘हॉस्टल डेज’ को लीज पर दी थी।
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कासगंज से उस लेबर कॉन्ट्रैक्टर को गिरफ्तार किया है, जो उस इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम देख रहा था। पुलिस ने बताया कि लेबर कॉन्ट्रैक्टर को कासगंज से पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि लेबर कॉन्ट्रैक्टर से शुरुआती पूछताछ में पता चला कि जिस दिन इमारत गिरी, उस दिन बेसमेंट के फर्श की मरम्मत की जा रही थी, क्योंकि पिछले आठ-दस दिनों से बारिश के मौसम में वहां कचरा जमा हो रहा था। साथ ही, कमर्शियल इस्तेमाल के लिए जगह बढ़ाने के मकसद से इमारत के ग्राउंड फ्लोर की भी मरम्मत की जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि ‘हॉस्टल डेज’ नाम की यह पांच मंजिला इमारत लड़कों के पीजी के तौर पर चल रही थी और रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे जब यह घटना हुई, तब वहां कई छात्र मौजूद थे। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई।
इस घटना के बाद बगल की इमारत को गिराने का भी आदेश दिल्ली सरकार ने दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर असुरक्षित ढांचे को गिराने की योजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना वाली जगह के पास बनी जर्जर इमारत को गिराने का आदेश दिया गया है।”


Leave feedback about this