September 28, 2026
National

रांची में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के अपमान का मामला, भाजपा नेताओं ने दिया एफआईआर का आवेदन

रांची के हरमू स्थित पार्क में डॉं श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोते जाने और उसे क्षतिग्रस्त करने के प्रयास के मामले में भाजपा नेताओं ने सोमवार को अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से घटना की जांच, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने पुलिस से हरमू क्षेत्र में कथित नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। इससे पहले रविवार देर रात प्रतिमा पर कालिख पोते जाने और उसे क्षतिग्रस्त करने के प्रयास की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे।

कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा की साफ-सफाई की, उसे पानी से धोया और माल्यार्पण किया। इसके बाद घटना के विरोध में प्रदर्शन किया गया था। एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल में में पूर्व राज्यसभा सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, विधायक नवीन जायसवाल, प्रतुल शाहदेव, सुधीर श्रीवास्तव, अजय राय, रमेश सिंह, जिला अध्यक्ष वरुण साहू, अरुण झा और इंद्रजीत यादव सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।

उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने वक्तव्य जारी कर कहा है कि महान राष्ट्रभक्त एवं राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त एवं अपमानित करने का प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। महापुरुषों की प्रतिमाएं हमारी राष्ट्रीय चेतना और गौरव का प्रतीक हैं। उनका अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

साहू ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार के शासनकाल में असामाजिक एवं राष्ट्रविरोधी तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे हमारे महापुरुषों के सम्मान पर भी आघात करने का दुस्साहस कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार एवं पुलिस-प्रशासन से इस घिनौनी हरकत में शामिल तत्वों को अविलंब चिन्हित कर गिरफ्तार करने और उनपर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave feedback about this

  • Service