October 1, 2026
World

प्रधानमंत्री मोदी ने पायलट स्मित मच्छार के परिवार से की बात, दिया मदद का भरोसा

Prime Minister Modi spoke to Pilot Smit Machhar’s family and assured them of assistance.

 

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई प्लेन की घटना के बाद भारतीय पायलट स्मित मच्छार के परिजनों से बातचीत की है। भारत सरकार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस बातचीत में लोगों की जान बचाने में दिखाए गए अदम्य साहस और वीरता के लिए पायलट स्मित मच्छार की प्रशंसा की।

 

भारत सरकार के सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पायलट स्मित मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से बात की है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि ‘भारतीय मिशन’ हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।

बता दें कि मूल रूप से गुजराती स्मित मच्छार पर दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में को-पायलट ने उड़ान के दौरान हमला किया था। चाकू से हुए हमले में घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने यात्रियों और क्रू के साथ-साथ विमान को सुरक्षित रखा। विमान में अधिकतर इजरायली नागरिक थे, जिन्होंने को-पायलट को पकड़ा और बाद में तबूक एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतारा गया।

इजराइली प्रधानमंत्री के अनुसार, घटना के दौरान पायलट मच्छार को चाकू मारा गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, उन्होंने जवाबी कार्रवाई की, हमलावर का मुकाबला किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू सदस्यों को हमलावर पर काबू पाने में मदद की।

पायलट स्मित मच्छार अभी उत्तर-पश्चिम सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें जरूरी मेडिकल इलाज दिया जा रहा है। रियाद में भारतीय दूतावास ने कहा था कि वे पायलट की सेहत के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार कर रहे हैं और उनके परिवार के संपर्क में हैं।

घटना के बाद प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पायलट स्मित मच्छार को ‘हीरो’ बताया। उन्होंने कहा कि स्मित मच्छार की वीरता ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। भारी खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों के जीवन की रक्षा करने के लिए अदम्य साहस और अटूट संकल्प का परिचय दिया। उनकी वीरता ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की।”

पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा, “भारत को कैप्टन माछर पर गर्व है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने, नई ऊर्जा और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

 

Leave feedback about this

  • Service