October 18, 2026
Entertainment

आपत्तिजनक कॉमेडी के आरोप में हर्ष गुजराल और मधुर विरली को महाराष्ट्र साइबर का समन, 19 अक्टूबर को पूछताछ

कमीडियन हर्ष गुजराल और मधुर विरली को अपनी कॉमेडी में अश्लील और आपत्तिजनक बातों का इस्तेमाल करने के मामले में महाराष्ट्र साइबर ने समन भेजा है। दोनों कमीडियन्स को 19 अक्टूबर को पूछताछ के लिए साइबर सेल में पेश होने के लिए कहा गया है।

दरअसल, एक महिला की शिकायत मिलने के बाद महाराष्ट्र साइबर ने मामले की जांच शुरू की है। अब इस शिकायत के आधार पर दोनों कमीडियन्स से पूछताछ की जाएगी। कॉमेडी शो में अश्लील या आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं। इससे पहले कमीडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर भी काफी बवाल हुआ था।

शो में कंटेस्टेंट्स और मेहमानों की ओर से कही गई कुछ बातों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि शो में इस्तेमाल की गई भाषा और कॉमेडी की सीमाओं को लेकर सवाल उठने लगे थे।

इसी तरह, कमीडियन प्रणीत मोरे के शो से जुड़ा ‘370 रुपए बिरयानी’ वाला वीडियो भी चर्चा में आया था। इस वीडियो में हिमांशु नाम के एक युवक ने अपनी डेट से जुड़ा किस्सा सुनाया था। इस दौरान लड़कियों को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों पर लोगों ने आपत्ति जताई थी। शो में मौजूद प्रणीत मोरे के हंसने को लेकर भी सवाल उठे थे। विवाद बढ़ने के बाद प्रणीत को माफी मांगनी पड़ी थी।

अगर बात करें हर्ष गुजराल की, तो वह देश के जाने-माने स्टैंड-अप कमीडियन्स में शामिल हैं। वह उत्तर प्रदेश के कानपुर से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम और न्यूजीलैंड समेत कई देशों में स्टेज शो किए हैं। वह फिल्म ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ में भी नजर आए थे। इसके अलावा, वह रोहित शेट्टी के रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में भी दिखाई दिए।

वहीं, मधुर विरली दिल्ली के स्टैंडअप कमीडियन हैं। उनका ‘आईआईटी ड्रीम’ शो काफी चर्चित रहा है। आईआईटी दिल्ली से ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने कुछ समय तक पारंपरिक करियर में काम किया। साल 2018 में ‘इंटर-आईआईटी कल्चरल मीट’ में स्टैंडअप कॉमेडी कैटेगरी में जीतने के बाद उन्हें इस क्षेत्र में पहचान मिली।

फिलहाल, महाराष्ट्र साइबर की जांच में दोनों कमीडियन्स की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service