October 20, 2026
Entertainment

निधि झा: ‘लुलिया’ से मिली पहचान, टीवी से भोजपुरी सिनेमा तक बनाया खास मुकाम

भोजपुरी इंडस्ट्री में ‘लुलिया’ के नाम से मशहूर अभिनेत्री निधि झा इस रविवार अपना 38वां जन्मदिन मनाने जा रही हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत हिंदी टीवी सीरियल ‘बालिका वधू’ से की थी, लेकिन आज वह भोजपुरी फिल्म जगत की प्रमुख अभिनेत्रियों में से एक हैं।

निधि झा का जन्म 18 अक्टूबर 1988 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता रंजीत झा भी फिल्मी जगत से ताल्लुक रखते थे। वह बालाजी टेलीफिल्म्स में असिस्टेंट डायरेक्टर रह चुके हैं और उनकी मां का नाम बेबी पूनम झा है, जो कि एक गृहिणी है। निधि के दो भाई भी हैं, जिनका नाम नीरज झा और तुषार झा हैं।

अभिनेत्री ने अपनी पढ़ाई मुंबई से पूरी की है। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की है। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया था कि शुरुआत में उन्होंने कॉमर्स विषय चुना था, लेकिन गणित में कठिनाई होने के कारण उन्होंने अपनी स्ट्रीम बदल ली और आर्ट्स (बीए) से अपना ग्रेजुएशन पूरा किया।

निधि ने एक्टिंग करियर की शुरुआत हिंदी टीवी शो से की। उनका पहला धारावाहिक ‘बालिका वधू’ था, जिसके बाद उन्होंने ‘सीआईडी’, ‘क्राइम पेट्रोल’, ‘सपने सुहाने लड़कपन के’, ‘ऐ मेरे हमसफर’, ‘अदालत’, ‘सावधान इंडिया’ और ‘आहट (सीजन 6)’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में मुख्य भूमिका निभाई।

अभिनेत्री ने भोजपुरी इंडस्ट्री में वर्ष 2016 में फिल्म ‘गदर’ से डेब्यू किया। वर्ष 2017 में पवन सिंह की आई फिल्म ‘सत्या’ के सुपरहिट गाने ‘लूलिया का मांगेले’ में विशेष उपस्थिति के बाद उन्हें रातों-रात जबरदस्त पहचान मिली और वह ‘लूलिया’ के नाम से लोकप्रिय हो गईं।

एक दशक लंबे करियर में उनकी कुछ प्रमुख भोजपुरी फिल्मों की बात करें तो उनमें ‘बाघ’, ‘दिलवर’, ‘जान’, ‘मेरी बेटी नं. 1’, ‘जिद्दी’, ‘ट्रक ड्राइवर 2’, ‘कसम पैदा करने वाले की’, ‘गैंगस्टर दुल्हनिया’, ‘मंदिर वहीं बनाएंगे’, ‘क्रैक फाइटर’, ‘जय हिंद’, ‘गदर’, आदि शामिल हैं।

अभिनेत्री के 2022 में भोजपुरी सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता यश कुमार मिश्रा से शादी की। कपल एक बेटी (लक्ष्मी) और एक बेटे (शिवाय) के माता-पिता हैं।

Leave feedback about this

  • Service