November 10, 2026
National

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार को एलपीजी सिलेंडर बांटेंगी, डीबीटी के मिलेगा अनुदान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार को पात्र परिवारों को मुफ्त एललपीजी सिलेंडर बांटेंगी। इसके लिए अनुदान की राशि ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ (डीबीटी) के जरिए सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे पहले, सत्ताधारी भाजपा के प्रवक्ताओं ने पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं और उत्तर भारत में हवा की गुणवत्ता खराब होने के मुद्दे पर ‘आप’ द्वारा राजनीति करने को लेकर निशाना साधा।

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता अनिल गुप्ता और प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दिवाली के अगली सुबह दिल्ली में वायु प्रदूषण में कोई असामान्य वृद्धि नहीं देखी गई, जिससे यह साफ होता है कि राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण बढ़ने के लिए पटाखों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

कपूर ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस जिस तरह से बढ़ते वायु प्रदूषण के लिए पटाखों को दोष दे रहे हैं, वह हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं और आस्था पर सीधा हमला है, जो पारंपरिक रूप से पटाखे जलाकर दिवाली मनाते हैं।

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, तमाम प्रशासनिक पाबंदियों के बावजूद, अरविंद केजरीवाल सरकार के समय दिवाली के अगली सुबह एक्यूआई 13 नवंबर 2023 को 358 और 1 नवंबर 2024 को 341 था।

इस साल पटाखों पर लगी पाबंदियों में काफी ढील दिए जाने के बावजूद एक्यूआई 368 तक पहुंच गया, जबकि दिवाली के दिन यानी 8 नवंबर की सुबह यह 364 था। इससे साफ पता चलता है कि पटाखों की वजह से एक्यूआई में कोई असामान्य उछाल नहीं आया।

कपूर ने सवाल किया कि केंद्र सरकार हर साल पंजाब सरकार को पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए करोड़ों रुपये देती है, लेकिन आखिर ये फंड कहां जाते हैं?

उन्होंने कहा, “आज दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने खुलासा किया है कि कैसे आप से जुड़े लोग एक साजिश के तहत पंजाब में खेतों में आग लगवा रहे हैं। पंजाब में 2022 से आप की सरकार है, फिर भी उन्होंने पराली जलाने से रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं।”

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ताओं ने कहा कि 2023 और 2024 के एक्यूआई आंकड़ों की तुलना मौजूदा आंकड़ों से करने पर यह साफ हो जाता है कि पंजाब में पराली जलाने से पैदा होने वाली जहरीली हवा दिल्ली का दम घोंट रही है, और इस साल की इस स्थिति के लिए आप की साजिश जिम्मेदार है।

Leave feedback about this

  • Service