November 10, 2026
National

मध्य प्रदेश: तालाब में डूबने से तीन लोगों की मौत के मामले में जांच टीम गठित, परिजनों को मिलेगी सहायता

मध्य प्रदेश के शहडोल में दीपावली पर्व के बीच तालाब में डूबने से तीन लोगों की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। घटना की परिस्थितियों और सामने आए तमाम बिंदुओं की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है। प्रशासन के मुताबिक जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

दरअसल, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास स्थित तालाब में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद अब जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए जांच दल गठित किया है।

एसडीएम सोहागपुर अमृता गर्ग के मुताबिक, कलेक्टर के निर्देशन में गठित जांच दल में अपर कलेक्टर शहडोल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल और सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय शहडोल को शामिल किया गया है। जांच दल की ओर से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बिंदुवार जांच की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता राशि के रूप में 25-25 हजार रुपए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

एसडीएम अमृता गर्ग ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “चौपाटी के पीछे एक तालाब में तीन बच्चों के डूबने और बाद में उनकी मृत्यु की घटना सामने आई है। इस मामले की जांच चल रही है। कलेक्टर ने इस घटना की विस्तृत और बिंदुवार जांच के लिए तुरंत तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसमें शहडोल के एडिशनल एसपी, एडिशनल कलेक्टर और सिविल सर्जन शामिल हैं।”

उन्होंने कहा कि जब तक जांच में तथ्य सामने नहीं आते हैं, इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी देना मुश्किल है। परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए सिविल सर्जन को भी जांच टीम में शामिल किया गया है।

Leave feedback about this

  • Service