राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने गुरु नानक देव अस्पताल का दौरा किया और मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की बस दुर्घटना में घायल हुए लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने घायलों के परिजनों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। वहीं, अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. करमजीत सिंह ने बताया कि तरनतारन बस हादसे में घायल सभी 11 लोगों की हालत अब स्थिर है और वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं।
अस्पताल दौरे के बाद आईएएनएस से बात करते हुए प्रियंक कानूनगो ने पंजाब की राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब की राज्य सरकार की आपराधिक लापरवाही और अरविंद केजरीवाल की ढीठपन भरी जिद के कारण मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की बसों का निरीक्षण नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि संरचनात्मक खामियों के कारण जो बसें सड़कों पर चल रही हैं, वे बेहद खतरनाक हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी ही दो बसों के हादसे में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए वे आज यहां आए थे। उन्होंने घायलों के परिजनों से बातचीत की और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। कानूनगो ने कहा कि घायलों को अभी तक सही तरीके से मुआवजा नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री ने केवल एक लाख रुपये की घोषणा की है, जो पूरी तरह से अपर्याप्त है।
प्रियंक कानूनगो ने कहा कि कुछ मरीज ऐसे हैं, जिन्हें छह-छह महीने तक बिस्तर पर रहना पड़ेगा। ऐसे में एक लाख रुपये का मुआवजा उनकी जरूरतों को पूरा नहीं कर सकता। उन्होंने सरकार की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही यहां तक है कि बेचारे घायलों के पास आयुष्मान कार्ड तक नहीं है। उन्होंने कहा कि जो मजदूर अब कभी मजदूरी पर नहीं जा पाएगा, उसके वेतन के नुकसान की गणना करके उसे मुआवजा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, ये कोई भेड़-बकरी नहीं मरी है कि तुमने हर भेड़, बकरी और हर मुर्गी का पैसा दे दिया। इंसानी जान की कीमत तुम नहीं चुका सकते। लेकिन कम से कम जिस व्यक्ति के घर में कल से खर्च के लिए पैसे आने बंद हो जाएंगे, उसे भीख नहीं मांगनी पड़े। उसके वेतन के नुकसान की गणना करके ईमानदारी से उसके हक का मुआवजा दिया जाए।
जब उनसे पूछा गया कि अगर घायलों को पूरा मुआवजा नहीं मिलता है तो क्या होगा, तो प्रियंक कानूनगो ने कहा कि 7 दिसंबर को मुख्य सचिव उनके यहां आएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है और वे उचित आदेश जारी करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोग इस मामले में पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएगा।
दूसरी ओर, गुरु नानक देव अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. करमजीत सिंह ने बताया कि आज गुरु नानक देव अस्पताल में एनएचआरसी के सदस्य प्रियंक कानूनगो नई दिल्ली से आए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की बस दुर्घटना में घायल मरीजों का हालचाल जानने के लिए अस्पताल का दौरा किया।
डॉ. करमजीत सिंह ने बताया कि इस बस हादसे के 11 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं। प्रियंक कानूनगो ने उनके परिजनों से बातचीत की और मरीजों के हालचाल के बारे में जानकारी ली। इस समय सभी मरीज स्थिर हैं, उनकी हालत ठीक है और वे ठीक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास अभी कोई भी मरीज ज्यादा गंभीर हालत में नहीं है।
डॉ. करमजीत सिंह ने बताया कि प्रियंक कानूनगो ने परिजनों से हालचाल जाना। वे खुद आईसीयू में नहीं गए, क्योंकि वे आईसीयू की व्यवस्था को बाधित नहीं करना चाहते थे। उन्होंने परिजनों से मिलकर सरकार की ओर से मदद और मुआवजा दिलाने का वादा किया है।


Leave feedback about this