November 16, 2026
National

झारखंड : लोहरदगा में कुल्हाड़ी से की गई महिला और पुरुष की हत्या, सिर धड़ से अलग मिला

झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एक महिला और पटना निवासी युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी सोनू लहरी को हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 11 बजे इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। मृतकों में भंडरा निवासी पूजा देवी और पटना का रहने वाला एक युवक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों की हत्या कुल्हाड़ी से वार करके की गई। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महिला पूजा देवी का सिर धड़ से अलग पाया गया, जबकि युवक भी मृत अवस्था में मिला।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड के पीछे अवैध संबंधों को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी सोनू लहरी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और हत्या की वजह का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद पटना से युवक के परिजन भी भंडरा पहुंच चुके हैं। वहीं, दो लोगों की हत्या से दोनों मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पूजा देवी की मौत से उसके दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस दोहरे हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

इससे पहले झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिकुरसाई गांव में एक 11 वर्षीय बच्ची की नृशंस हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सन्नी गोप को गिरफ्तार कर लिया है, जो उसका चाचा है। आरोप है कि उस दिन आरोपी सन्नी गोप बच्ची को खाने-पीने का सामान दिलाने का लालच देकर अपने साथ घर से बाहर ले गया था और उसकी हत्या कर दी।

Leave feedback about this

  • Service