गुरुग्राम के सेक्टर 46 इलाके में घर के बाहर खेलते समय एक तीन वर्षीय बच्ची की वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संतोष चौधरी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह सेक्टर 46 में अपने परिवार के साथ रहते हैं और ऑटो रिक्शा चलाते हैं। उनके तीन बच्चे हैं। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे, उनकी तीन वर्षीय बेटी रुशी घर के बाहर एक खाली प्लॉट में खेल रही थी। उसी समय, एक कार चालक अपनी गाड़ी रिवर्स कर रहा था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ड्राइवर ने रिवर्स करते समय उचित सावधानी नहीं बरती, जिसके परिणामस्वरूप बच्ची कार की चपेट में आ गई।

