N1Live Entertainment पावर, प्राइस और प्रिविलेज की जंग, कौन बनेगा ‘द सोसाइटी सीजन 2’ का बाजीगर?
Entertainment

पावर, प्राइस और प्रिविलेज की जंग, कौन बनेगा ‘द सोसाइटी सीजन 2’ का बाजीगर?

A battle of power, price and privilege, who will be the winner of 'The Society Season 2'?

आज के दौर में रियलिटी शोज समाज की सच्चाइयों को एक अलग अंदाज में पेश करने का मंच बन चुके हैं। वर्गभेद, ताकत, पैसा और विशेषाधिकार जैसे मुद्दे अब केवल किताबों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्क्रीन पर भी खुलकर दिखाई दे रहे हैं। ऐसे ही एक शो ‘द सोसाइटी’ ने अपने पहले सीजन में दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया था। अब वही शो दूसरे सीजन के साथ लौट रहा है।

यह नया सीजन 9 मार्च से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। शो को रस्क मीडिया ने प्रोड्यूस किया है और इस बार इसकी दुनिया को एक ऐसे सिस्टम के रूप में तैयार किया गया है, जहां हर चीज की कीमत है। खाना, सुविधा, सुरक्षा- सब कुछ खरीदना पड़ेगा। इस सीजन की थीम साफ है कि इस दुनिया में कुछ भी मुफ्त नहीं मिलता और सबसे महंगी चीज है ‘पावर’… जिसके पास ताकत है, वही फैसले ले सकता है और वही दूसरों की दिशा तय कर सकता है।

शो की खास बात यह है कि इसमें सोसाइटी को तीन वर्गों में बांटा गया है- रॉयल्स, रेगुलर्स और रैग्स। रॉयल्स सबसे ऊंचे दर्जे पर हैं, जिनके पास अधिकार और सुविधाएं ज्यादा हैं। रेगुलर्स बीच की स्थिति में हैं, जो ऊपर पहुंचने का सपना देखते हैं, लेकिन गिरने का डर भी रहता है। वहीं रैग्स सबसे निचले स्तर पर हैं, जिन्हें रोजाना संघर्ष करना पड़ता है।

इस बार दो नए सेगमेंट जोड़े गए हैं। रैग्स को फैक्ट्री चलानी होगी ताकि सिस्टम चलता रहे। इसके अलावा ‘दुकान’ नाम की जगह पर जरूरी और निजी सामान मिलेगा, लेकिन उसकी कीमत चुकानी होगी। इस हाई-स्टेक खेल की कमान फिर से मुनव्वर फारूकी संभाल रहे हैं। उनकी भूमिका निर्णायक होगी और कई अहम फैसले उन्हीं के हाथ में होंगे।

मुनव्वर ने कहा, ”इस सीजन में ‘सोसाइटी’ सिर्फ एक गेम नहीं, बल्कि एक ऐसा सिस्टम है, जिसमें खिलाड़ियों को स्ट्रगल करना पड़ेगा। जब महत्वाकांक्षा और जरूरत टकराती है, तब इंसान का असली चेहरा सामने आता है। इस बार असली सवाल यह नहीं है कि कौन जीतेगा, बल्कि यह है कि कौन जीतने के लिए कितनी दूर तक जाएगा।”

इस सीजन में मुनव्वर के साथ श्रेया कालरा भी होस्ट होंगी। वह दर्शकों को खिलाड़ियों की निजी कहानियों और भावनात्मक पहलुओं से जोड़ेंगी। जैसे-जैसे शो आगे बढ़ेगा, गठबंधन बनेंगे और टूटेंगे। कहीं खुली बगावत होगी तो कहीं सौदेबाजी। रॉयल्स को अपनी सत्ता बचानी होगी, रेगुलर्स को मौके की तलाश रहेगी और रैग्स को हर दिन जिंदा रहने की जंग लड़नी होगी। यही संघर्ष इस सीजन को और रोमांचक बनाता है।

‘द सोसाइटी’ का दूसरा सीजन 9 मार्च से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।

Exit mobile version