May 21, 2026
National

बिहार में कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बहाने बच्चे का अपहरण, 12 घंटे में पुलिस ने किया बरामद

A child was kidnapped in Bihar on the pretext of giving him a cold drink and was recovered by the police within 12 hours.

21 मई । बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में अपराधियों के मंसूबे पर पुलिस ने पानी फेर दिया। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। यह पूरा मामला दरपा थाना क्षेत्र का है, जहां दिनांक 20 मई की रात करीब 8 बजे पुलिस को यह सूचना मिली कि एक मासूम बच्चे को अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बहाने अपने पास बुलाया और जबरन बाइक पर बिठाकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। रात में ही सीमावर्ती इलाकों को सील कर दिया गया और तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ मुखबिरों को सक्रिय किया गया।

गठित छापेमारी टीम ने पूरी तत्परता और सतर्कता बरतते हुए अपराधियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। पुलिस की दबिश के कारण अपहरणकर्ता लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। उनके लिए अपहृत बच्चा को छिपाकर रखना मुश्किल हो गया। पुलिस का बढ़ता दबाव और चारों तरफ से हुई घेराबंदी को देखकर अपराधी परेशान हो गए। जिसका परिणाम यह हुआ कि पुलिस ने सूचना मिलने के महज 12 घंटे के भीतर अपहृत बच्चे को पूरी तरह सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संदर्भ में सुसंगत धाराओं में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इधर, बच्चे के सुरक्षित मिलते ही परिजन खुश हैं और पुलिस प्रशासन का आभार जताया है।

Leave feedback about this

  • Service