N1Live Entertainment फेसबुक पर एक तस्वीर ने खोला बॉलीवुड का दरवाजा और बदल दी श्रद्धा कपूर की जिंदगी
Entertainment

फेसबुक पर एक तस्वीर ने खोला बॉलीवुड का दरवाजा और बदल दी श्रद्धा कपूर की जिंदगी

A Facebook photo opened the doors to Bollywood and changed Shraddha Kapoor's life.

3 मार्च । जब हम आज के जमाने में किसी युवा कलाकार को बड़े पर्दे पर चमकते हुए देखते हैं, तो लगता है कि सफलता तक पहुंचने का रास्ता पहले से ही तय होता है। लेकिन, श्रद्धा कपूर की कहानी थोड़ी अलग है। उनके बॉलीवुड सफर की शुरुआत एक छोटे से डिजिटल प्लेटफॉर्म से हुई। एक निर्माता ने फेसबुक पर उनकी तस्वीरें देखकर उन्हें फिल्मों के लिए चुना था। ये ऐसा समय था, जब सोशल मीडिया से करियर शुरू होना आम नहीं माना जाता था।

श्रद्धा कपूर का जन्म 3 मार्च 1987 को मुंबई में हुआ था। वे प्रसिद्ध अभिनेता शक्ति कपूर और शिवांगी कोल्हापुरे की बेटी हैं। उनके परिवार का बॉलीवुड से गहरा नाता रहा है। छोटी उम्र से ही श्रद्धा को अभिनय, संगीत और कला में दिलचस्पी थी। उनकी पहली फिल्म साल 2010 में रिलीज हुई ‘तीन पत्ती’ (2010) थी, जिसमें उन्होंने कॉलेज स्टूडेंट का किरदार निभाया। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, बेन किंग्सले और आर. माधवन जैसे सितारे थे। यह फिल्म उम्मीदों के मुताबिक बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल कर पाने में असफल रही।

दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में श्रद्धा कपूर को रोल का ऑफर उनके फेसबुक अकाउंट देखने के बाद दिया गया था। प्रोड्यूसर अंबिका हिन्दुजा ने उन्हें फेसबुक पर देखा था। उन्होंने श्रद्धा की तस्वीरें देखीं और फिर उनके भाई से संपर्क कर उनसे मिलने का फैसला किया। श्रद्धा ने इसके बाद ऑडिशन दिया और उन्हें रोल मिल गया। यह एक ऐसा मौका था, जो सोशल मीडिया के जरिए उन्हें मिला था।

‘तीन पत्ती’ श्रद्धा के सफर की पहली सीढ़ी थी। इसके बाद उन्होंने 2011 में ‘लव का द एंड’ में काम किया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पाई, लेकिन श्रद्धा ने अपने अभिनय की छाप छोड़ी। संघर्ष भरे शुरुआती सालों के दौरान उन्होंने कई रोल्स के लिए ऑडिशन दिए और कोशिश जारी रखी। उनके करियर को बड़ा ब्रेक 2013 में मिला, जब उन्होंने मोहित सूरी की रोमांटिक फिल्म ‘आशिकी 2’ में मुख्य भूमिका निभाई। इस फिल्म में श्रद्धा ने एक छोटे शहर की सिंगर का किरदार निभाया। फिल्म ने दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सराहना हासिल की।

इस फिल्म में श्रद्धा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की श्रेणी में कई पुरस्कार नामांकन भी मिले। उसके बाद श्रद्धा ने ‘एक विलेन’, ‘एबीसीडी 2’, ‘बागी’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ जैसी फिल्मों में काम किया। कुछ फिल्मों ने कमाल किया, तो कुछ ने औसत प्रदर्शन किया, लेकिन उन्होंने हमेशा अपनी मेहनत से प्रत्येक भूमिका को अलग पहचान दी।

समय के साथ उनका करियर आगे बढ़ता गया और उन्हें कुछ बड़ी हिट्स मिलीं, जैसे ‘स्त्री’, ‘छिछोरे’, ‘तू झूठी मैं मक्कार’, और 2024 में आई ‘स्त्री 2’, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की। इन सफलताओं की वजह से श्रद्धा कपूर आज बॉलीवुड का एक जाना-माना नाम हैं।

Exit mobile version