N1Live National बडगाम में एसएसपी के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट चला रहा था शख्स, एफआईआर दर्ज
National

बडगाम में एसएसपी के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट चला रहा था शख्स, एफआईआर दर्ज

A man was running a fake WhatsApp account in the name of SSP in Budgam, FIR registered.

14 अप्रैल । जम्‍मू-कश्‍मीर के बडगाम जिले में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट चलाकर लोगों को गुमराह कर रहा था।

पुलिस स्टेशन बडगाम को मिली जानकारी के मुताबिक, पल्‍लर का रहने वाला समीर अली भट एसएसपी बडगाम के नाम से बनाए गए एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट के जरिए हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट आम लोगों के बीच साझा कर रहा था। इन स्क्रीनशॉट्स का इस्तेमाल वह लोगों को प्रभावित करने और खुद को एसएसपी का करीबी सहयोगी बताने के लिए कर रहा था, जिससे वह अनुचित प्रभाव जमाने की फिराक में था।

शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से ही कई एफआईआर में शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मकसद खुद को प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करना और इस आधार पर लोगों पर दबाव या प्रभाव बनाना था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बडगाम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-सी के तहत एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने कहा है कि इस मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, बडगाम पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि लोग पहचान की चोरी (इम्पर्सनेशन) जैसे मामलों से बचने के लिए सावधानी बरतें और किसी भी अनजान या संदिग्ध व्हाट्सएप अकाउंट या कॉल पर भरोसा न करें। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे पुलिस अधिकारियों या अन्य सरकारी विभागों से संपर्क करने के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सत्यापित संपर्क नंबरों का ही इस्तेमाल करें।

पुलिस ने जनता से यह भी अनुरोध किया है कि यदि उन्हें इस तरह की कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।

Exit mobile version